दरोगा ने महिला को मारी लात, एसपी ने किया लाइन हाजिर

 


एक हफ्ते में दूसरी बड़ी कार्रवाई

हमीरपुर, 24 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुमेरपुर कस्बे में महिला और ई-रिक्शा चालक के बीच हुए विवाद में पहुंचे दरोगा द्वारा महिला के साथ अभद्रता और लात मारने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने शुक्रवार को तत्काल सख्त कार्रवाई करते हुए दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया।

बताया जा रहा है कि विवाद की सूचना पर मौके पर पहुंचे दरोगा शिवशंकर पांडेय ने बीच-बचाव के दौरान महिला के साथ बदसलूकी की और उसे लात मारते हुए थाने ले जाने का प्रयास किया। यह पूरी घटना वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल में कैद कर ली, जो बाद में इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने जांच सीओ सदर राजेश कमल को सौंपी। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया, साथ ही विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।

गौरतलब है कि इसी सप्ताह हमीरपुर में एक अन्य पुलिस अधिकारी पर भी कार्रवाई हो चुकी है, जिससे साफ संकेत मिल रहा है कि पुलिस प्रशासन लापरवाही और अभद्र व्यवहार के मामलों में सख्त रुख अपना रहा है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप की स्थिति है, वहीं आम लोगों में न्याय को लेकर भरोसा मजबूत होता नजर आ रहा है। सीओ सदर राजेश कमल ने शुक्रवार को बताया कि जांच में दोषी पाए जाने पर दरोगा को लाइन हाजिर किया गया है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा