पुलिस प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां की पूरी

 


जौनपुर, 06 दिसम्बर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में 6 दिसम्बर बाबरी मस्जिद विध्वंस को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। यह तारीख बाबरी मस्जिद विध्वंस की वर्षगांठ के रूप में जानी जाती है। जिसे हिंदू समुदाय शौर्य दिवस और मुस्लिम समुदाय काला दिवस के रूप में मनाता है।

इसी के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया है। इस मामले में शुक्रवार को जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक शहर आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद में 6 दिसम्बर के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत सभी थानों पर पीस कमेटी की बैठकें आयोजित की गई हैं। इन बैठकों में विभिन्न समुदायों के सामाजिक संगठनों और धर्मगुरुओं के साथ संवाद स्थापित किया गया है, ताकि शांति और सद्भाव बनाए रखा जा सके।

पुलिस अधिकारी और कर्मचारी थानावार व चौकीवार संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त करेंगे। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कहीं भीड़ इकट्ठा न हो और कोई भी जुलूस या प्रदर्शन न निकाला जाए। सभी सर्विलांस टीमें भी संवेदनशील जगहों पर कड़ी निगरानी रखेंगी।

हाल ही में दिल्ली में हुए ब्लास्ट के बाद सभी संवेदनशील स्थानों पर निगरानी और बढ़ा दी गई है। विवादित स्थलों पर पुलिस टीमें तैनात की जाएंगी। यातायात पुलिसकर्मी भी अपनी ड्यूटी निभाते हुए लगातार चेकिंग अभियान चला रहे हैं और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव