ब्रज की परम्परा और आस्था का सम्मान करते हुए होगा ब्रजमंडल का समग्र विकासः मुख्यमंत्री

 




--मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में ब्रज तीर्थ विकास परिषद की आठवीं बोर्ड बैठक --₹300 करोड़ रुपये के कार्यों को स्वीकृति

--मथुरा-वृंदावन रेल ट्रैक के स्थान पर 11.80 किमी फोरलेन मार्ग विकसित करने, पॉड रैपिड ट्रांजिट सिस्टम की व्यवहारिकता के अध्ययन और 84 कोस परिक्रमा मार्ग के विकास को लेकर निर्देश

--मथुरा, वृंदावन और गोवर्धन में पार्किंग, टीपीओ तथा अन्य जनसुविधाओं का पीपीपी मॉडल पर होगा विकास

--यमुना रिवर फ्रंट के अंतर्गत मथुरा से वृंदावन के बीच जलमार्ग विकसित कर क्रूज और नौका संचालन की योजना पर सहमति

--ब्रज के 36 वनों के इको रेस्टोरेशन, वन महोत्सव में व्यापक वृक्षारोपण, जल संरक्षण तथा अजीजपुर में प्रस्तावित वाटर म्यूजियम परियोजना को आगे बढ़ाने के निर्देश

--यमुना प्रदूषण नियंत्रण के लिए एसटीपी, एसपीएस और पंपिंग स्टेशन के कार्यों में तेजी लाएंः मुख्यमंत्री

मथुरा, 07 मार्च(हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि ब्रज क्षेत्र भारत की आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक परम्परा का अत्यंत महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां की परम्परा और श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए ब्रज क्षेत्र के विकास के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि तीर्थ स्थलों के संरक्षण के साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, आधारभूत ढांचे के विकास और सांस्कृतिक विरासत के संवर्धन को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि ब्रज क्षेत्र की पहचान और अधिक सुदृढ़ हो तथा यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं प्राप्त हो सकें।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की आठवीं बोर्ड बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में लगभग 300 करोड़ रुपये के कार्यों को अनुमोदित किया गया। बैठक में ब्रज क्षेत्र के समग्र विकास, तीर्थ स्थलों के संरक्षण तथा श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

वृंदावन में गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी परिसर स्थित यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में इस मथुरा-वृंदावन रेल मार्ग के 11.80 किलोमीटर लंबे ट्रैक को फोरलेन मार्ग में विकसित करने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग, ब्रज तीर्थ विकास परिषद तथा जिला प्रशासन को रेलवे विभाग से समन्वय स्थापित कर भूमि अथवा भूमि मूल्य से सम्बंधित आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने पॉड रैपिड ट्रांजिट सिस्टम की व्यवहारिकता का अध्ययन कराने को भी कहा। मुख्यमंत्री ने ब्रज की प्रसिद्ध 84 कोस परिक्रमा मार्ग के विकास के लिए सम्बंधित विभागों को कार्ययोजना तेजी से लागू करने के निर्देश दिए।

बैठक में गोवर्धन, मथुरा और वृंदावन में पार्किंग, टीपीओ तथा अन्य जनसुविधाओं को विकसित करने के लिए चिन्हित भूमि पर पीपीपी मॉडल के तहत कार्य कराने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा छाता क्षेत्र के ग्राम अजीजपुर में प्रस्तावित वाटर म्यूजियम के लिए चिन्हित भूमि को सिंचाई विभाग से परिषद को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्यमंत्री ने ब्रज क्षेत्र में 36 वनों के इको रेस्टोरेशन प्रोजेक्ट की सराहना करते हुए आगामी वर्षा ऋतु में वन महोत्सव के दौरान व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने इस अभियान में जल संरक्षण, खारे पानी के उपचार तथा जन सहभागिता को भी शामिल करने पर बल दिया। बैठक में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अंतर्गत विकसित होने वाली हेरिटेज सिटी पर भी चर्चा हुई।

बैठक में यमुना रिवर फ्रंट परियोजना के अंतर्गत मथुरा से वृंदावन के बीच जलमार्ग विकसित कर पीपीपी मॉडल पर क्रूज और नौका संचालन शुरू करने की योजना पर भी सहमति बनी। साथ ही गोवर्धन स्थित पारसौली में सूरदास ब्रज अकादमी के संचालन के लिए आवश्यक कार्मिकों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

परिषद की वर्ष 2025-26 की कार्ययोजना में प्रस्तावित परियोजनाओं के लिए बजट स्वीकृत करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि परिषद द्वारा अनुमोदित परियोजनाओं के बजट में किसी प्रकार की कटौती न की जाए और उन्हें शीघ्र धरातल पर उतारा जाए। नगर निकायों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वच्छता, सुरक्षा और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। जल निगम और नगर निगम द्वारा एसटीपी, एसपीएस तथा पम्पिंग स्टेशन के निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा कर यमुना नदी में प्रदूषण कम करने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के माध्यम से विभिन्न विभागों को निर्धारित दिशा निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए तथा मथुरा, वृंदावन सहित पूरे ब्रज क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने डोनेशन मैनेजमेंट डिजिटल सिस्टम का शुभारम्भ किया।

बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णयों के अनुसार मथुरा-वृंदावन रेल ट्रैक के स्थान पर 11.80 किलोमीटर लंबा फोरलेन मार्ग विकसित करने की प्रक्रिया को तेज किया जाएगा। ब्रज की 84 कोस परिक्रमा मार्ग के विकास के लिए लोक निर्माण विभाग और धर्मार्थ कार्य विभाग को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। मथुरा, वृंदावन और गोवर्धन में पार्किंग तथा अन्य जनसुविधाओं का विकास पीपीपी मॉडल के माध्यम से किया जाएगा। यमुना नदी में मथुरा से वृंदावन के बीच जलमार्ग विकसित कर क्रूज और नौका संचालन की योजना को भी आगे बढ़ाया जाएगा। इसके साथ ही ब्रज क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के लिए 36 वनों के इको रेस्टोरेशन और व्यापक वृक्षारोपण अभियान को प्रोत्साहित किया जाएगा तथा छाता क्षेत्र के ग्राम अजीजपुर में प्रस्तावित वाटर म्यूजियम के लिए चिन्हित भूमि को सिंचाई विभाग से परिषद को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराई जाएगी।

बैठक में मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिलें लक्ष्मी नारायण चौधरी, मंत्री पर्यटन एवं संस्कृति ठा० जयवीर सिंह , मंत्री, बेसिक शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह, सांसद श्रीमती हेमा मालिनी, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह चौधरी, सदस्य विधान परिषद् ओम प्रकाश सिंह, सदस्य विधान परिषद योगेश नौहवार, विधायक बल्देव पूरन प्रकाश, विधायक मांट राजेश चौधरी, विधायक गोवर्धन मेघश्याम सिंह उपस्थित रहे।

बैठक में शैलजा कान्त मिश्र, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद उपाध्यक्ष, अवनीश अवस्थी, मुख्यमंत्री सलाहकार अमृत अभिजात, अपर मुख्य सचिव, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग भवानी सिंह खंगरौत, सचिव वित्त विभाग, श्रीमती किंजल सिंह, आयुक्त परिवहन, श्रीमति वी. हेकाली झिमोमी, प्रमुख सचिव, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग अजय चौहान, प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग, श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ महानिरीक्षक पुलिस आगरा परिक्षेत्र आगरा, डॉ. बलकार सिंह, निदेशक आवास बंधु एवं सचिव, आवास एवं शहरी नियोजन, श्री अनुज झा, निदेशक नगर विकास, नगेन्द्र प्रताप, आयुक्त आगरा मण्डल आगरा, कृष्ण मोहन, मुख्य नगर एवं ग्राम नियोजक, राकेश कुमार सिंह, मुख्य कार्य पालक अधिकारी, यीडा, नोएडा, शैलेश कुमार पाण्डेय, उप महानिरीक्षक, पुलिस आगरा परिक्षेत्र आगरा, चन्द्र प्रकाश सिंह, जिलाधिकारी मथुरा, श्लोक कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा, जगप्रवेश, नगर आयुक्त, नगर निगम मथुरा-वृन्दावन, गगन गोयल, मंडलीय रेल प्रबंधक आगरा, बी.एस. पटेल, डीएफओ मथुरा, श्रीमती लक्ष्मी एन, उपाध्यक्ष मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण, सूरज पटेल, मुख्य कार्यपालक अधिकारी उ०प्र० ब्रज तीर्थ विकास परिषद उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार