अदब-ओ-एहतराम के साथ निकाला जुलूस-ए-मोहम्मदी
गूंजे नातिया कलाम
हमीरपुर, 26 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब के यौमे पैदाइश के मौके पर बुधवार को शाम बारावफात का पर्व अकीदत और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मस्जिदों, घरों और इमामबाड़ों को आकर्षक ढंग से सजाकर रोशनी की गई। जगह-जगह जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत की।
हमीरपुर शहर में नमाज के बाद लोग हाथों में इस्लामिक झंडे लेकर छोटे-छोटे समूहों में सूफीगंज चौराहे पर एकत्र हुए। यहां से जुलूस निर्धारित मार्ग से किंगरोड, सूफीगंज, खालेपुरा और यमुना घाट होते हुए वापस सूफीगंज पहुंचकर संपन्न हुआ। जुलूस के दौरान पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शान में नातिया कलाम पढ़े गए और अमन-चौन व भाईचारे का संदेश दिया गया। इस दौरान हिंदू-मुस्लिम भाइयों ने जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत करते हुए सूखे मेवे वितरित किए। कुरारा कस्बे सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी जुलूस-ए-मोहम्मदी धूमधाम से निकाला गया। कस्बे में बाजार स्थित मस्जिद से जुलूस शुरू हुआ, जो गुड़ मंडी, भौली रोड, नगर पंचायत कार्यालय, थाना गेट, मेन बस स्टैंड, खान मार्केट, बेरी तिराहा, लालमन पुलिया और मनकी स्टैंड होते हुए ब्लॉक परिसर के सामने पहुंचकर संपन्न हुआ। जुलूस में बड़ी संख्या में लोग हाथों में झंडे लेकर शामिल हुए। नातिया कलाम और धार्मिक नारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। जुलूस में नत्थू खान, पेश इमाम हसीब चिश्ती, तारिक खान, नफीस अहमद, राजा खान, बशीर मोहम्मद, मोहम्मद इकबाल, जावेद खान, सत्तार, सुलतान, मेहंदी हसन, इम्तियाज, रज्जाक, बफाती सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल भी तैनात रहा। इसी तरह क्षेत्र के बेरी, लहरा, शिवनी खुर्द, रौंज आदि गांवों में भी जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। पुलिस की निगरानी और लोगों के सहयोग से सभी स्थानों पर पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा