गांवों में बसता है राष्ट्रीय शिक्षा नीति का मूल आधार : प्रो. राकेश कुमार सिंह

 






जौनपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर स्थित रघुवीर स्वायत्तशासी महाविद्यालय, थलोई, भिखारीपुर कला में भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के प्रायोजन में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का रविवार को समापन हुआ। समापन सत्र के मुख्य अतिथि वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा हो सकता है, जब शिक्षा के स्वरूप को गांवों के छोटे-छोटे उदाहरणों और स्थानीय ज्ञान परंपराओं से जोड़कर देखा जाए। राष्ट्रीय शिक्षा नीति का मूल आधार गांवों में ही बसता है।

उन्होंने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से भारतीय ज्ञान प्रणाली के पुनरुत्थान और उसे शिक्षा व्यवस्था में समाहित करने पर जोर दिया। कहा कि स्थानीय परिवेश और पारंपरिक ज्ञान को महत्व देकर ही शिक्षा को अधिक सार्थक बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने अपने विचार रखे। सारस्वत अतिथि के रूप में पीके विश्वविद्यालय, शिवपुरी (मध्य प्रदेश) के कुलपति प्रो. योगेश चंद दुबे, काशी हिंदू विश्वविद्यालय के प्रो. विनोद कुमार सिंह, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय वाराणसी के प्रो. शैलेश कुमार मिश्रा, पूर्वांचल विश्वविद्यालय के प्रो. मनोज कुमार मिश्रा और राष्ट्रीय सेवा योजना के पूर्व समन्वयक प्रो. राकेश यादव ने भी विचार व्यक्त किए।

संगोष्ठी के दूसरे दिन करीब 25 शोध पत्र प्रस्तुत किए गए। अतिथियों का स्वागत महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ. जय प्रकाश तिवारी ने किया। अध्यक्षता अमेरिका की कोरोलिना यूनिवर्सिटी के प्रो. रामचंद्र तिवारी ने की। प्राचार्य डॉ. अश्विनी कुमार गुप्ता ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। संचालन छात्राध्यापिकाओं कोमल मिश्रा और श्रद्धा शुक्ला ने किया।

इस अवसर पर डॉ. राजेश तिवारी, डॉ. ज्ञान देव द्विवेदी, डॉ. राजेंद्र जायसवाल, डॉ. रंजना मिश्रा, डॉ. अभिषेक मिश्रा, डॉ. विनय कुमार त्रिपाठी सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव