खाद्य सुरक्षा विभाग ने विभिन्न जगहों से लिए 10 नमूने, जांच के लिए भेजा लैब
नोएडा, 12 जून (हि.स.)। खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से शुक्रवार काे एक विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय बहादुर पटेल एवं रविंद्र नाथ वर्मा की टीम ने शुक्रवार को दनकौर स्थित अंजना मिल से खुली और पैक्ड हल्दी पाउडर का एक-एक नमूना भरा।
वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी रितु सक्सेना ने सेक्टर-63 स्थित राकेश मसाले प्रतिष्ठान से खुली और पैक्ड हींग के नमूने लिए। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार ने साइट-सी सूरजपुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित ब्रह्म अर्पण ऑर्गेनिक्स प्राइवेट लिमिटेड से खुली और पैक्ड हल्दी के नमूने एकत्र किए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसके पाण्डेय एवं ओपी सिंह की टीम ने धूम मानिकपुर दादरी स्थित धमीजा ग्राइंडर से खुली और पैक्ड हींग के नमूने लिए। इसके अलावा आरएसके फूड्स एंड स्पाइसेस प्राइवेट लिमिटेड से खुला एवं पैक्ड धनिया पाउडर का एक-एक नमूना भी संग्रहित किया गया। अभियान के दौरान कुल 10 नमूने लिए गए हैं। जिन्हें गुणवत्ता एवं शुद्धता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। सहायक खाद्य सुरक्षा आयुक्त (द्वितीय) सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मिलावट खोरों के खिलाफ विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। आज विभाग ने विभिन्न जगहों पर छापेमारी कर नमूने एकत्र किए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी