मथुरा जिला कारागार में भावुक माहौल में मनाया गया भाई दूज का पर्व, बहनों ने भाइयों को लगाया तिलक
सलाखें भी नहीं डिगा पाईं भाई-बहन का प्यारमथुरा, 11 नवम्बर(हि.स.)। भाई दूज के पावन पर्व पर मथुरा जिला कारागार में बुधवार को एक बेहद भावुक और मार्मिक दृश्य देखने को मिला। एक तरफ जहां घरों में बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र की कामना कर रही थीं, वहीं जेल में बंद भाइयों से मिलने के लिए बड़ी संख्या में बहनें और महिलाएं जिला कारागार पहुंचीं।जेल की ऊंची दीवारें और लोहे की सलाखें भी भाई-बहन के इस अटूट रिश्ते के प्यार को कम नहीं कर सकीं। किसी बहन के हाथ में तिलक की थाली थी तो किसी की आंखों में अपने भाई से मिलने की खुशी साफ झलक रही थी। बहनों ने जेल के भीतर बंद अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी खुशहाली, अच्छे भविष्य और लंबी उम्र की कामना की। बंदियों और उनसे मिलने आने वाली बहनों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जेल अधीक्षक अंशुमन गर्ग के निर्देशन में जेल प्रशासन की तरफ से विशेष मुलाकात की व्यवस्था की गई थी। बहनों और माताओं की सुविधा के लिए जेल के बाहर टेंट लगाए गए थे। मुलाकात स्थल पर भी विशेष रूप से टेंट और कारपेट की व्यवस्था की गई थी। बहनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मुलाकात स्थल पर ही रोली और चावल की पूरी व्यवस्था उपलब्ध कराई गई थी।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार