ट्रक की भीषण टक्कर से किशोरी की मौत, दो गंभीर घायल

 






गोरखपुर, 11 मई (हि.स.)। सहजनवां क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। नगर पंचायत सहजनवां के वार्ड नंबर-1 जिगिना निवासी एक परिवार डेंटल कॉलेज इलाज कराने जा रहा था। तभी गुप्ता पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 17 वर्षीय किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे उसके नाना समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिगिना निवासी शिविर सिंह की पुत्री कुमारी अमृता (17) अपने नाना शंकर सिंह तथा एक अन्य किशोरी, अमित सिंह की पुत्री, के साथ स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से गोरखपुर स्थित डेंटल कॉलेज दांत दिखाने जा रही थी। बाइक शंकर सिंह चला रहे थे। बताया जा रहा है कि सोमवार करीब 11:30 बजे जैसे ही उनकी बाइक गुप्ता पेट्रोल पंप के पास पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमृता सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। वहीं शंकर सिंह और दूसरी किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सहजनवां पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि ट्रक और उसके चालक की पहचान की जा सके।

थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपित चालक को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतका के घर में मातम पसरा हुआ है। क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण लगाए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय