छत पर सोता रहा परिवार, चोरों ने घर में लाखों का माल चुराया
देवरिया, 07 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में गौरीबाजार थाना क्षेत्र के पिपराधन्नी गांव में शनिवार रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर गए। घटना उस समय हुई जब परिवार के सभी सदस्य गर्मी से राहत पाने के लिए छत पर सो रहे थे। रविवार के सुबह नीचे उतरने पर चोरी की जानकारी होने से घर में अफरा-तफरी मच गई।
गौरी बाजार थानेदार डा . महेन्द्र कुमार ने बताया कि गौरी बाजार थाना क्षेत्र के पिपराधन्नी के रहने लालबहादुर मौर्य के परिवार ने रात में भोजन करने के बाद छत पर सो रहे थे। इसी बीच अज्ञात चोर मकान के मुख्य गेट पर लगे लोहे के चैनल का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद उन्होंने घर के दो कमरों के ताले भी तोड़ दिए और कीमती सामान की तलाश में पूरे घर को खंगाल डाला।
उन्होंने बताया कि चोर घर में रखे पांच बक्से और एक वीआईपी बैग उठाकर लगभग 200 मीटर दूर खेत में ले गए। वहां बक्सों के ताले तोड़कर उनमें रखे आभूषण निकाल लिए और बाकी सामान बिखेरकर फरार हो गए। चोरों ने अलमारी को भी तोड़कर उसमें रखा सामान खंगाला।
परिवार के मुताबिक, सोने की चेन, मंगलसूत्र, अंगूठियां, झुमके, नथिया, टीका, सिकड़ी, पाजेब समेत लाखों के आभूषण और 50 हजार रुपये चोरी कर ले गए।
परिजनों का कहना है कि परिवार के कुछ सदस्य बाहर हैं, उनके लौटने के बाद ही चोरी से हुए कुल नुकसान का सही अनुमान लगाया जा सकेगा। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों में चोरी की इस वारदात को लेकर चिंता का माहौल है।
--------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक