छाता शुगर मिल का चालू न हो पाना किसानों के साथ सीधा छल है: राकेश टिकैत

 


भारतीय किसान यूनियन का दो दिवसीय राष्ट्रीय किसान चिंतन शिविर, तहसीलदार को सौंपा 11 सूत्रीय मांग-पत्रराकेश टिकैत ने सरकार की नीतियों पर बोला तीखा हमलामथुरा, 03 सितम्बर(हि.स.)। मथुरा के डैंपियर नगर स्थित किसान भवन में गुरुवार दोपहर भारतीय किसान यूनियन का दो दिवसीय राष्ट्रीय किसान चिंतन शिविर भव्यता और अनुशासन के साथ संपन्न हो गया। भगवान श्रीकृष्ण की पावन जन्मभूमि पर आयोजित इस शिविर के दूसरे दिन देश और प्रदेशभर से पहुंचे हजारों किसानों ने शिरकत की।शिविर के मुख्य वक्ता और भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सोची-समझी रणनीति के तहत किसानी और किसानों को कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों के हवाले करना चाहती है। देश में बढ़ती बेरोजगारी पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो गया है।छाता शुगर मिल का विशेष जिक्र करते हुए टिकैत ने कहा कि जिस जनपद में प्रदेश के गन्ना मंत्री मौजूद हों, उसी जिले में आज तक छाता शुगर मिल का चालू न हो पाना किसानों के साथ सीधा छल है। इसके अलावा उन्होंने आलू किसानों की बदहाली और समस्याओं पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की।राष्ट्रीय महासचिव चौधरी युद्धवीर सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन में अनुशासन सर्वाेपरि है और किसी भी संगठन विरोधी गतिविधि में लिप्त पाए जाने वाले पदाधिकारी पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। वहीं प्रदेश अध्यक्ष पंडित राजपाल शर्मा और प्रदेश प्रवक्ता गजेंद्र सिंह परिहार ने संयुक्त रूप से आह्वान किया कि किसान विरोधी नीतियों का मुकाबला करने के लिए पूरी किसान बिरादरी को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होना होगा तथा गांव-गांव जाकर संगठन का व्यापक विस्तार करना होगा।चिंतन शिविर के दौरान गन्ना भुगतान, छाता शुगर मिल के जल्द संचालन, आलू किसानों की समस्याओं और विभिन्न स्थानीय प्रशासनिक मुद्दों पर गहन मंथन किया गया। कार्यक्रम के अंत में किसानों ने तहसीलदार सदर अमित त्रिपाठी को अपनी विभिन्न मांगों से जुड़ा 11 सूत्रीय मांग-पत्र सौंपा, जिस पर उन्होंने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।इस अवसर पर मंच संचालन प्रदेश मीडिया प्रभारी ललित शर्मा ने किया तथा अध्यक्षता दादा हुकम सिंह ने संभाली। कार्यक्रम में विजेंद्र सिंह यादव, परविंदर अवाना, विमल तोमर, बबली त्यागी, कैप्टन बच्चू सिंह सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश, एनसीआर और स्थानीय स्तर के तमाम प्रमुख पदाधिकारी एवं हजारों अन्नदाता किसान मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार