जनता दर्शन में मिली शिकायत पर देवरिया के जिलाधिकारी मौके पर पहुंचकर कराया निस्तारण

 


देवरिया, 18 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सोमवार को जनता दर्शन में प्राप्त शिकायत पर गंभीरता दिखाते हुए तहसील सलेमपुर क्षेत्र के ग्राम बंजरिया शुक्ल में मौके पर पहुंचकर भूमि विवाद का निस्तारण कराया।

ग्राम बंजरिया शुक्ल निवासी शोभा देवी पत्नी स्वर्गीय अजय निषाद ने जनता दर्शन में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी कि उनकी भूमि पर गांव के एक व्यक्ति ने अवैध कब्जा कर लिया गया है। शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से भूमि को कब्जा मुक्त कराए जाने की मांग की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचे। राजस्व विभाग की टीम बुलाकर मामले की जानकारी कर निस्तारण कराया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजस्व संबंधी शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक