लाभार्थी बनकर डीएम ने की बात, पकड़ा गया दलाल
नोएडा, 04 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी मेधा रूपम ने गुरुवार काे पीड़ित बनाकर एक दलाल से बात की। उसने वृद्धा पेंशन दिलवाने के लिए मोटी रकम की मांग की। उन्होंने दलाल को फोन करके कहा कि हैलो, मैं कुलेसरा से बोल रही हूं। मुझे वृद्धा पेंशन नहीं मिल रही है। आपका नंबर एक पेंशनार्थी लेने वाली महिला से मिला है। इतनी बात सुनकर फोन पर दूसरी तरफ से दलाल ने अपने आप को सर्वे-सर्वा बताया और काम कराने का दावा किया। साथ ही पैसा पूरा मांगा। यह सभी बातें रिकॉर्ड कर जिलाधिकारी ने पुलिस को सूचना दी।
बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी कार्यालय में एक वृद्धा महिला पहुंची। जनता दर्शन में बुजुर्ग महिला ने शिकायत की कि उसे पेंशन नहीं मिल रही है। बार-बार चक्कर लगा रही है। अब एक दलाल पेंशन दिलाने का दावा कर रहा है और पैसे मांग रहा है। शिकायत सुनकर डीएम मेधा रूपम ने अपने एक कर्मचारी के मोबाइल से दलाल के पास फोन किया। करीब 04 मिनट तक डीएम ने एक लाभार्थी बनकर दलाल से बात की। डीएम मेधा रूपम ने बताया कि बुजुर्ग महिला ने शिकायत की थी। उसकी जांच की और कुलेसरा निवासी एक लाभार्थी बनकर दलाल के पास फोन किया। उसने काम कराने का दावा किया और कहा कि वो सब कुछ देख रहा है। विभाग उसके हिसाब से ही चलता है। वो पेंशन दिलवा देगा। पैसा पूछने पर बताया कि पूरा पैसा देना होगा, लेकिन पैसों का जिक्र साफ तौर पर नहीं किया।
डीएम ने फोन में दलाल से हुई पूरी बात रिकॉर्ड कर ली। इसके बाद सूरजपुर कोतवाली में आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कराया गया। डीएम ने बताया कि पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लिया है। उन्होंने कहा कि किसी भी विभाग में इस तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर कहीं पर इस तरह की समस्या है तो कंट्रोल रूम पर शिकायत कर सकते है। जल्द ही कंट्रोल रूम का नंबर जारी कर दिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी