डीएम ने मरीजों से संवाद कर परखी व्यवस्थाएं, दवा उपलब्धता व बेहतर उपचार पर जताया संतोष
उरई, 17 मार्च (हि.स.)। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला अस्पताल (महिला) एवं राजकीय मेडिकल कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी, इमरजेंसी तथा विभिन्न वार्डों का गहन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों से संवाद कर सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकांश मरीजों ने बताया कि उन्हें अस्पताल से ही दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा उपचार संतोषजनक ढंग से मिल रहा है। जिलाधिकारी ने व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को बेहतर उपचार एवं सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, व्यवस्था एवं अनुशासन को और बेहतर बनाया जाए, ताकि मरीजों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके। विशेष रूप से राजकीय मेडिकल कॉलेज में साफ-सफाई की व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मरीजों के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखते हुए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा