लापता सीएचओ का शव नदी में मिला

 


देवरिया, 07 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में देवरिया जनपद के एकौना थाना क्षेत्र में पांच जून को एक व्यक्ति का शव गोरा नदी में मिला था। मृतक की पहचान रविवार को हो गई है। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिवार ने शव की शिनाख्त कर घटना की जानकारी पुलिस को दी।

थानेदार एकौना आनंद पांडेय ने बताया कि मृतक की पहचान बस्ती जिले के सिकंदरपुर निवासी दीपक पांडेय (29) के रूप हुआ है। वहगोरखपुर जिले के झगहा थाना क्षेत्र में तैनात एक सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) के पद पर कार्यरत थे।

परिजनों के अनुसार, 4 जून की शाम के बाद से दीपक का परिवार से संपर्क नहीं हो पाया था। बताया गया कि वह एक मेडिकल कैंप में ड्यूटी करने के बाद घर लौटने वाले थे। 5 जून को दोपहर करीब एक बजे तक उनका मोबाइल फोन चालू था, लेकिन इसके बाद संपर्क पूरी तरह टूट गया।

इसी बीच एकौना थाना क्षेत्र के 5 जून को बेलवा-दुबौली बांध के समीप गोरा नदी में एक युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान की कार्रवाई शुरू की, जिसके बाद उसकी पहचान दीपक पांडेय के रूप में हुई।

मृतक अपने पीछे पत्नी शालिनी शुक्ला, माता अनीता देवी, एक भाई और दो बहनों को छोड़ गए हैं। वर्ष 2021 में स्वास्थ्य विभाग में नियुक्त हुए दीपक की असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सका हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक