शहर में सुख शांति और एकता के लिए निकली ईसा मसीह की रैली

 


कानपुर, 19 दिसंबर (हि.स.)। ईसा मसीह की रैली एकता और भाईचारे का प्रतीक है। शहर में शांति, समृद्धि और आने वाले नूतन वर्ष में हम सब शांति और खुशहाली के साथ आगे बढ़ सके। इस बातों को ध्यान में रखते हुए हर साल इस रैली का भव्य आयोजन किया जाता है। जिमसें मसीह समाज से जुड़े सैकड़ों लोग शामिल होते हैं। यह बातें शुक्रवार को पास्टर्स एसोसिएशन के महासचिव पादरी जितेंद्र सिंह ने कही।

कानपुर पास्टर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के द्वारा क्रिसमस के उपलक्ष्य में विशाल रैली का आयोजन किया गया। यह रैली तुलसी उपवन मोतीझील से उठकर बेनाझाबर चौराहे से हर्षनगर, ईदगाह, बकरमंडी, चुन्नीगंज, लाल इमली, परेड होते हुए बड़ा चौराहा स्थित क्राइस्टचर्च इंटर कॉलेज मैदान में जाकर समाप्त हुई।

इस रैली में मसीह समाज के लोग अपने-अपने वाहनों को गुब्बारों व झंडियों से सजाकर क्रिसमस की झांकियां व सांता क्लाज बनकर क्रिसमस के गीतों पर लोग झूमते गाते हुए सम्मिलित हुए। यह रैली जिस चीज भी जगह से निकली वहां के इलाकाई लोगों ने रास्ते भर फूलों की बारिश करके सभी का विशेष स्वागत किया।

इसके अलावा समाजसेवी भारतीय दलित पैंथर के प्रमुख धनीराम पैंथर बौद्ध एवं साजिद ने पास्टर एसोसिएशन के सभी सदस्यों को माला पहनाकर उनके ऊपर फूलों की बारिश करके रैली का स्वागत किया। मसीह समाज की एकता की प्रतीक इस रैली को देखकर आसपास के सभी क्षेत्रीय लोगों ने अपने हाथों को हिलाकर खुशी जाहिर करी।

पादरी जितेंद्र सिंह ने कहा कि इस रैली का उद्देश्य शहर में सुख शांति और एकता बनाए रखना है। इसी उद्देश्य के साथ हम हर साल इस रैली का आयोजन करते हैं। जिसमें हमें शहरवासियों एवं प्रशासन का संपूर्ण सहयोग मिलता है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप