गहरे कुएं से मिली युवती की लाश, फोरेसिंक टीम ने शुरू की जांच
हमीरपुर, 23 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के कुरारा थाना क्षेत्र के पड़ुई गांव में सोमवार की शाम एक कुएं से युवती का शव मिलने से गांव में हड़कम्प मचा हुआ है। सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकालकर कब्जे में ले लिया है। ए.एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिजनों से घटना की जानकारी ली।
कुरारा क्षेत्र के पड़ुई गांव में ओमनारायण निषाद पुत्र रामकेश के घर के सामने स्थित कुएं में शव पड़ा होने की सूचना थाने में दी गई। सूचना पाते ही कुरारा थाना प्रभारी रामआसरे सरोज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से कुएं से शव बाहर निकाला गया। शव की शिनाख्त ओमनारायण की 21 वर्षीय बहन के रूप में की गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मर्चरी हाउस भेजा है। फोरेसिंक टीम को जांच के लिए लगाया गया है।.
एसपी मनोज गुप्ता ने आज देर शाम बताया कि गहरे कुएं से युवती का शव मिला है, जिसकी शिनाख्त गांव के ही ओमनारायण ने अपनी बहन के रूप में की है। बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा