भाजपा 2017 से भी अधिक बहुमत के साथ 2027 में बनाएगी सरकार : धर्मवीर प्रजापति

 


फिरोजाबाद, 28 दिसंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने रविवार को सपा पर निशाना साधते हुए 2017 से ज्यादा 2027 में बहुमत के साथ भाजपा के सरकार बनाने का दावा किया है।

उत्तर प्रदेश सरकार के होमगार्ड एवं कारागार मंत्री धर्मवीर प्रजापति रविवार को फिरोजाबाद में आयोजित व्यापारी सम्मेलन में पहुंचे थे। इस दौरान वह मीडिया से भी रूबरू हुए। उन्होंने ब्राह्मण समाज द्वारा आयोजित बैठक पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की नाराजगी को लेकर कहा कि भाजपा सभी वर्गों सभी समाज की पार्टी है। भाजपा में सभी का सम्मान है। मेरा मानना है कि इसे राजनैतिक चश्मे से नहीं देखना चाहिए। ब्राह्मण समाज की बैठक को भी जाति धर्म से नहीं जोड़ना चाहिए। जब कभी आपस में बैठने का मौका मिलता है तो सभी लोग कहीं एक स्थान पर बैठ जाते है। ऐसा कुछ नहीं है। हमारे सभी विधायक, मंत्री एक साथ है। कोई अलग नहीं है। विपक्ष इस पर राजनीति करना चाहता है लेकिन वह सफल नहीं होगा। उन्होंने शिवपाल यादव के ब्राह्मणों के सपा में आने पर सम्मान होने के सवाल पर कहा कि वह 2027 में आने के लिए सपना देख रहे हैं। सभी ने सपा का शासन देखा है उनकी सरकार के कार्यकाल को जनता नहीं भूली है। उनका सपना पूरा नहीं होगा।

कारागार मंत्री ने दावा किया कि भाजपा 2017 से भी अधिक बहुमत के साथ 2027 में सरकार बनाएगी।

इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और नेताओं ने उनका जोशीला स्वागत किया।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़