सोने चांदी के हिंडोले में विराजमान होकर राजाधिराज ने दिए अपने भक्तों को दर्शन
मथुरा, 11 अगस्त(हि.स.)। पुष्टिमार्ग संप्रदाय के प्रसिद्ध मंदिर ठाकुर द्वारकाधीश में सावन मास के पावन अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला में भव्य आयोजन किए जा रहे हैं। मंदिर के मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी (एडवोकेट) ने जानकारी दी कि मंदिर के सभी कार्यक्रमों का निर्धारण मंदिर के गोस्वामी श्री श्री 108 डॉ. वागीश कुमार जी महाराज (कांकरोली नरेश, तृतीय पीठ) के निर्देशानुसार किया जाता है।
इसी पारंपरिक व्यवस्था के तहत, मंगलवार देरसायं सावन मास के तेरहवें दिन आराध्य ठाकुर जी महाराज सोने-चांदी के भव्य हिंडोले में विराजमान हुए। पुष्टिमार्गीय परंपरा के अनुसार ठाकुर जी को लाड़-लड़ाने और उनकी सेवा के निमित्त उन्हें विभिन्न घटाओं और हिंडोलों में विराजमान कराया जाता है। यह मनमोहक क्रम पूरे सावन मास निरंतर जारी रहेगा। मीडिया प्रभारी ने बताया कि बुधवार संध्या उद्यापन के दर्शन शाम 05 बजे खुलेंगे और शयन के दर्शन सायंकाल 07 बजे से 08 बजे तक होंगे। इस दौरान ठाकुर जी महाराज हरी घटा में विराजमान होकर अपने भक्तों को दिव्य दर्शन देंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार