टीजीटी परीक्षा : पहली पाली में 4227 अभ्यर्थी हुए शामिल, कड़ी सुरक्षा के बीच केंद्रों का जिलाधिकारी लेते रहे जायजा
देवरिया, 04 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) परीक्षा गुरुवार से देवरिया जिले के 11 केंद्रों में आयोजित की गई। पहली पाली में 4,227 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। वहीं दूसरी पाली में आठ केंद्रों पर 2,859 अभ्यर्थियों के शामिल होने का कार्यक्रम है। परीक्षा को नकलविहीन, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। परीक्षा को नकल विहीन संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी ने केंद्रों का निरीक्षण किया।
सुबह सात बजे से ही परीक्षा केंद्रों के गेट खोल दिए गए थे। प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। देवरिया के अलावा गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, बलिया और मऊ सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे।
तीन स्तरीय जांच के बाद मिला प्रवेश
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की तीन चरणों में जांच की गई। महिला अभ्यर्थियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। परीक्षा नियमों के तहत कान की बाली, टॉप्स, अंगूठी, चेन, बिछिया सहित अन्य धातु के आभूषण उतरवाए गए। इसके बाद प्रवेश पत्र और पहचान पत्र का मिलान किया गया तथा बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।
अभ्यर्थियों ने बताया कि जांच प्रक्रिया में कुछ समय लगा, लेकिन परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह व्यवस्था आवश्यक थी।
शहर में बढ़ी चहल-पहल, केंद्रों पर रही भीड़
टीजीटी परीक्षा के कारण शहर में सुबह से ही चहल-पहल बढ़ गई। रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और प्रमुख मार्गों पर अभ्यर्थियों की आवाजाही दिखाई दी। कई अभ्यर्थी अपने परिजनों के साथ परीक्षा केंद्रों तक पहुंचे। केंद्रों के बाहर चाय, नाश्ता और स्टेशनरी की दुकानों पर भी भीड़ रही।
महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज के पास लगा जाम
महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र के आसपास वाहनों की अधिक संख्या के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। सूचना पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटवाया और उन्हें निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा कराया। पुलिस की तत्परता से जल्द ही यातायात सामान्य हो गया।
कड़ी सुरक्षा में पहुंचे प्रश्नपत्र
प्रश्नपत्रों को कलेक्ट्रेट स्थित ट्रेजरी से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया गया। सभी केंद्रों पर स्टेटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहे। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा की निगरानी की गई। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराई जाएगी तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई होगी।
जिलाधिकारी ने केंद्रों का किया निरीक्षण
प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) परीक्षा के प्रथम सत्र के दौरान जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैधानिक गतिविधि को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों, प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों और सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था का अवलोकन किया।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक