टीजीटी परीक्षा : दूसरे दिन 2077 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित, छह केंद्रों पर शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न

 


झांसी, 04 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी)-2022 लिखित परीक्षा का दूसरा दिन गुरुवार को जिले के छह परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और पारदर्शी माहौल में संपन्न हुआ। परीक्षा के दौरान प्रशासन और पुलिस की कड़ी निगरानी व्यवस्था देखने को मिली। पूरे दिन कंट्रोल रूम से गतिविधियों पर नजर रखी गई और केंद्रों पर लगातार निरीक्षण जारी रहा।

आयोग की ऑब्जर्वर कुमुद लता श्रीवास्तव ने अन्य अधिकारियों के साथ विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने कोषागार से प्रश्नपत्रों के सुरक्षित वितरण, केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी प्रणाली की जांच की। इसके साथ ही वॉइस रिकॉर्डर, पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए रैंप जैसी सुविधाओं का भी सत्यापन किया गया।

ऑब्जर्वर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की नकल या फर्जी अभ्यर्थी को शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्रों की गहन जांच की गई और महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला शिक्षिकाओं द्वारा कराई गई। केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ला,पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह तथा सहायक श्रमायुक्त दीपिका परिहार सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

नोडल अधिकारी ने बताया कि परीक्षा के दोनों पालियों में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। प्रथम पाली में 2120 में से 1145 और द्वितीय पाली में 1937 में से 932 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए। इस प्रकार कुल 2077 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इसके बावजूद परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

प्रशासन ने परीक्षा व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए सभी केंद्रों पर सुचारु संचालन के लिए टीमों को बधाई दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया