बच्चों के आधार नामांकन में अवैध वसूली पर तहसीलदार का छापा

 


बागपत, 03 फ़रवरी (हि.स.)।

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में बच्चों के आधार कार्ड बनाने के नाम पर अवैध धनराशि वसूल रहे कैंप संचालकों को तहसीलदार ने फटकार लगाई है। चेतावनी दी गई अगर वसूली पाई जाती है तो फिर दर्ज की जाएगी।

जिलाधिकारी अस्मिता लाल के निर्देश पर जनपद में 5 साल तक के बच्चों का आधार कार्ड मुफ्त बनाया जा रहा है। सोमवार को खेकड़ा में लगाए गए कैंप की शिकायत की गई थी जिसके बाद मंगलवार को तहसीलदार खेकड़ा ने शिकायत के बाद आधार कार्ड बना रहे कैम्प पर छापा मारा।

सूचना पर तहसीलदार वृतिका श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर कैम्प का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई महिलाओं ने अपने बच्चों के आधार बनवाने के एवज में रुपये मांगे जाने की शिकायत की। इस पर तहसीलदार ने टीम संचालक को सख्त चेतावनी दी और स्पष्ट किया कि बच्चों का आधार नामांकन पूरी तरह निशुल्क है।

कैम्प तहसील परिसर में लगाने की मांग

अवैध वसूली पर रोक लगाने के लिए ग्राम प्रधान संगठन ने बच्चों के आधार कैम्प तहसील परिसर में लगाए जाने की मांग की है। प्रधान मवीकलां दीपक कुमार, प्रधान सांकरौद इन्द्रजीत सिंह, प्रधान सुभानपुर गजेन्द्र त्यागी, प्रधान बसी संजीव कुमार सहित अन्य प्रधानों का कहना है कि तहसील परिसर में अधिकारियों की मौजूदगी रहने से अवैध वसूली पर प्रभावी रोक लगेगी और आमजन को राहत मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी