दुष्कर्म पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

 


देवरिया, 17 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र की एक किशोरी ने गांव के एक युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर से न्याय की गुहार लगाई।

पीड़ित सुबह करीब 11 बजे अपनी मां के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित प्रार्थना पत्र सौंपा। किशोरी ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि कथित घटना 28 मई की है। उस दिन वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान गांव का एक युवक घर पहुंचा और उसकी मां के बारे में पूछताछ करने लगा। आरोप है कि घर में अकेला पाकर युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पहुंचे ताे आरोपित वहां से फरार हो गया। घटना के बाद उसने अपनी मां को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिवार ने कई बार सलेमपुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने पर पीड़ित और उसके परिजन शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और मामले में निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपित के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं ताे मुकदमा दर्ज कर आराेपित के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक