तीन दशक पुरानी पानी की टंकी ध्वस्त की

 


हाथरस, 22 जून (हि.स.)। सादाबाद थाना क्षेत्र के ऊंचागांव में राया-सादाबाद मार्ग के किनारे स्थित लगभग 30 साल पुरानी जर्जर पानी की टंकी को सोमवार दोपहर जेसीबी द्वारा ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई शासन के निर्देशानुसार की गई।

ग्रामीणों के अनुसार, इन टंकियों का निर्माण सन 1990 में सादाबाद क्षेत्र की कई ग्राम पंचायतों में किया गया था। इनमें से कुछ टंकियां अभी भी पानी की आपूर्ति कर रही हैं, जबकि कई अन्य बंद पड़ी हैं और जर्जर हालत में हैं। इनके कभी भी गिरने का खतरा बना हुआ था। इसी को ध्यान में रखते हुए, शासन ने जल निगम को जर्जर टंकियों को गिराने का आदेश दिया है। टंकी गिराए जाने के दौरान एक तेज धमाका हुआ और आसपास धुएं का गुबार फैल गया। चूंकि यह पानी की टंकी मुख्य मार्ग के किनारे स्थित थी, इसलिए जल निगम के कर्मचारियों ने गिरने से पहले ही मुख्य मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों को रोक दिया था। सुरक्षा को देखते हुए, जल निगम के कर्मचारियों ने मौके पर जमा भीड़ को भी हटा दिया था।

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना