आरएलडी ने बृज एवं रुहेलखंड क्षेत्र की बैठक कर चुनाव की रणनीति और संगठन विस्तार पर किया मंथन

 




लखनऊ/नई दिल्ली, 14 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केन्द्रीय मंत्री जयंत चौधरी के 25, तुगलक रोड नई दिल्ली आवास पर मंगलवार को बृज एवं रुहेलखंड क्षेत्र की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। दूसरे चरण की इस बैठक में वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की रणनीति और संगठन विस्तार को लेकर पार्टी नेतृत्व द्वारा गहन मंथन किया गया।

इस सांगठनिक बैठक में विशेष रूप से मुरादाबाद, अमरोहा, अलीगढ़, बिजनौर, मथुरा, हाथरस और आगरा जिलों के राष्ट्रीय एवं जिला स्तर के वरिष्ठ नेताओं, राज्य पदाधिकारियों तथा संगठन प्रभारियों ने हिस्सा लिया। इन सभी जिलों की जमीनी राजनीतिक स्थिति और संगठन की मजबूती पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक में लंबी चर्चा के बाद एक ऐतिहासिक घोषणा करते हुए 'टीम आरएलडी' के गठन की घोषणा की गई। यह एक समर्पित सहायक संगठन होगा, जिसका मुख्य फोकस गांव और वार्ड स्तर पर संगठन को मजबूत करना और जमीनी स्तर पर चुनावी तैयारियां मुकम्मल करना होगा। 'टीम आरएलडी' का संचालन राज्य कमांड से लेकर जिला और गांव/वार्ड स्तर तक एक सुव्यवस्थित, पारदर्शी और जवाबदेह ढांचे के तहत किया जाएगा। बैठक में ये भी तय किया गया कि इसी महीने में सभी जगहों पर जिलेवार बैठकों का आयोजन किया जाएगा।

इस नई रणनीति के अंतर्गत चिन्हित किए गए सभी जिलों के हर गांव और वार्ड में एक जिम्मेदार संपर्क सूत्र (पॉइंट ऑफ कॉन्टैक्ट) और सक्रिय कार्यकर्ता नियुक्त किए जाएंगे। ये कार्यकर्ता स्थानीय मतदाताओं से निरंतर जीवंत संपर्क बनाए रखेंगे और पार्टी व जनता के बीच एक सीधे सेतु के रूप में कार्य करेंगे। इस मजबूत सांगठनिक ढांचे के माध्यम से पार्टी का लक्ष्य एक ऐसा अनुशासित जमीनी संगठन खड़ा करना है, जो चुनाव के दिन तक निरंतर सक्रिय रहे।

बैठक के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केन्द्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने इस बात पर विशेष बल दिया कि लोकतंत्र में हर एक वोट का अत्यधिक महत्व है। उन्होंने पदाधिकारियों से आह्वान करते हुए कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता अपनी इस जिम्मेदारी को समझे कि मतदान के दिन हर पात्र मतदाता तक पहुंचना और उसे मतदान केंद्र तक लाना उसका परम कर्तव्य है।

उक्त जानकारी केंद्रीय कार्यालय के सचिव समर पाल सिंह की ओर से जारी पत्र के माध्यम से दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा