चार-चार ड्यूटी से शिक्षक परेशान : डॉ हरि प्रकाश यादव
--शिक्षकों ने प्रयागराज में बैठक कर जताया कड़ा विरोध
प्रयागराज, 19 मार्च (हि.स)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ एकजुट की बैठक प्रयागराज में गुरूवार को हुई। जिसमें शिक्षकों पर बढ़ते अत्यधिक कार्यभार को लेकर तीखा आक्रोश व्यक्त किया गया। बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि वर्तमान में शिक्षकों से एक साथ चार-चार जगह ड्यूटी कराई जा रही है, जो पूरी तरह अव्यवहारिक और अन्यायपूर्ण है।
संघ के प्रदेश संरक्षक डॉ. हरि प्रकाश यादव ने कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए बताया कि इस समय यूपी बोर्ड के मूल्यांकन कार्य में शिक्षकों की ड्यूटी लगी हुई है। इसके साथ ही एसआईआर कार्य में भी उन्हें लगाया गया है। इतना ही नहीं, आगामी 22 मार्च को होने वाली एपीओ परीक्षा में भी ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है, जबकि समानांतर रूप से जनगणना की ट्रेनिंग भी जारी है और उसमें भी शिक्षकों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि एक शिक्षक से एक ही समय में चार अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाने की अपेक्षा करना न केवल अनुचित है, बल्कि इससे शिक्षकों का मानसिक व शारीरिक संतुलन भी प्रभावित हो रहा है। इसका सीधा असर कार्य की गुणवत्ता पर पड़ रहा है। संघ ने सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद से मांग की है कि शासन प्रशासन से समन्वय स्थापित करते हुए शिक्षकों की ड्यूटी का समुचित समायोजन किया जाए और एक समय में एक ही कार्य सौंपा जाए। यदि ऐसा नहीं होता है तो संघ इसके विरोध में आंदोलन करने को बाध्य होगा। इसी के साथ ईद का अवकाश अभी तक घोषित न करने के लिए भी रोष व्यक्त किया गया।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष उपेन्द्र वर्मा, प्रदेश आयव्यय निरीक्षक सुरेन्द्र प्रताप सिंह प्रदेश मीडिया प्रभारी सुधाकर ज्ञानार्थी, प्रदेश मंत्री तीर्थराज पटेल, संदीप शुक्ला, जिलाध्यक्ष देवराज सिंह, जिला मंत्री डीपी यादव, मण्डल मंत्री लक्ष्मी नारायण सिंह, पुरुषोत्तम वर्मा, जिला संरक्षक लालमणि यादव, जिला उपाध्यक्ष विजय विद्रोही, जिला मीडिया प्रभारी अनिल भारती सहित अन्य पदाधिकारी और शिक्षक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र