शिक्षक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला : चौधरी भूपेंद्र सिंह
मुरादाबाद, 25 जून (हि.स.)। शिक्षक समाज राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। उनके मार्गदर्शन में नई पीढ़ी का निर्माण होता है, जो देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखती है। प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सुधार एवं नवाचार के लिए प्रतिबद्ध है। यह बातें गुरुवार को उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने मुरादाबाद के दिल्ली रोड स्थित होटल ड्राइविंग 24 में प्रबंधक/शिक्षक सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित करते हुए कही।
सम्मेलन में मुरादाबाद-बरेली खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य व भाजपा एमएलसी प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो ने सभी शिक्षकों, प्रबंधकों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए शिक्षा जगत से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और शिक्षक हितों की रक्षा के लिए सदैव संघर्षरत रहने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधान परिषद सदस्य डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त ने शिक्षक समाज की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए शिक्षक विधायक निर्वाचन में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
कार्यक्रम संयोजक मुरादाबाद नगर विधानसभा से विधायक रितेश गुप्ता ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए सम्मेलन को सफल बनाने के लिए उपस्थित सभी प्रबंधकों, शिक्षकों एवं सामाजिक संगठनों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन बाबा संजीव आकांक्षी ने किया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय महामंत्री भाजपा हरिओम शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला, जिलाअध्यक्ष आकाश पाल, महापौर विनोद अग्रवाल, विधान परिषद सदस्य गोपाल अंजान, पूर्व विधायक राजेश कुमार सिंह चुन्नू, पूर्व सदस्य विधान परिषद परमेश्वर लाल सैनी, पूर्व सांसद राज्यसभा वीर सिंह, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष विजयभान सिंह, डा केके मिश्रा, राकेश कुमार सिंह, मीडिया प्रभारी अर्चित गुप्ता, भरत टंडन, डॉ सीपी सिंह, मुशाहिद हुसैन, देवेंद्र सिंह लोधी आदि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल