प्रयागराज में ‘करदाता जागरूकता कार्यक्रम’ में दी गई जानकारी

 


--प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त एवं मुख्य आयकर आयुक्त ने किया आयकर भवन के पुनरोद्धार का शिलान्यास

प्रयागराज, 29 जून (हि.स)। आयकर विभाग के तत्वावधान में सोमवार को प्रयागराज में एक भव्य ‘करदाता जागरूकता कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता मुख्य अतिथि अपर्णा एम अग्रवाल, भा.रा.से., प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त, उ.प्र.पूर्व, लखनऊ ने की। मीनाक्षी सिंह, भा.रा.से., मुख्य आयकर आयुक्त, इलाहाबाद की भी उपस्थिति रही।

अपने अध्यक्षीय सम्बोधन में प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त, लखनऊ अपर्णा एम अग्रवाल ने कहा कि करदाताओं द्वारा दिया गया योगदान देश की प्रगति की रीढ़ है। इनकम-टैक्स एक्ट, 2025 का लागू होना, यह सिर्फ़ कानून में बदलाव नहीं है, यह एक बड़ा सुधार है जो गवर्नेंस की नई सोच को दिखाता है। नया कानून उस पुराने सिस्टम की जगह लाया गया है जो दशकों में बहुत उलझा हुआ था। बड़े पैमाने पर बातचीत और सावधानी से किए गए कानूनी काम के बाद, अब भारत के पास ऐसा कानून है जो ज्यादा छोटा और टैक्स देने वालों के लिए समझने और पालन करने में कहीं ज्यादा आसान है।

उन्होंने कहा कि ‘टैक्स ईयर’ का कॉन्सेप्ट लाना एक अहम कदम है, क्योंकि इससे लंबे समय से चली आ रही उलझन दूर होती है। इसी सोच के साथ, ‘इनकम टैक्स रूल्स 2026’ को भी आसान और तर्कसंगत बनाया गया है। ताकि टैक्स देने वालों और टैक्स अधिकारियों के लिए आसान, छोटा और समझने में सरल बनाना है।

मुख्य आयकर आयुक्त, इलाहाबाद मीनाक्षी सिंह ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान इलाहाबाद क्षेत्र ने 940 करोड़ रूपये बजट लक्ष्य के मुकाबले 2,038.95 करोड़ का शुद्ध संग्रह हासिल किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 132.10 प्रतिशत की प्रभावशाली वृद्धि है। वित्त वर्ष 2026-27 के लिए, क्षेत्र को 2,300 करोड़ का संग्रह लक्ष्य सौंपा गया है। चालू वित्त वर्ष के पहले दो महीनों के दौरान 206.98 करोड़ का सकल संग्रह पहले ही हासिल किया जा चुका है। साथ ही, 265.30 करोड़ का रिफंड जारी किए गए, जो करदाताओं को समय पर सेवा प्रदान करने की हमारी प्रतिबद्धता को दोहराता है।

मीनाक्षी सिंह ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान, क्षेत्र ने CPGRAMS की 1,824 शिकायतों का समाधान किया, जिससे लम्बित मामलों की संख्या घटकर केवल 49 रह गई। मौजूदा साल में, मई 2026 तक मिली सभी 415 शिकायतों को दूर किया गया है। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान, इस क्षेत्र ने 3,469 सुधार आवेदनों में से 3,230 का निपटान किया गया। वित्त वर्ष 2026-27 में, 495 सुधार आवेदनों का समाधान पहले ही किया जा चुका है। इसी तरह, ई-निवारण के तहत, इस क्षेत्र ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान 5,746 मामलों का निदान किया। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान इस क्षेत्र ने अपील के असर वाले 2,812 मामलों का निस्तारण किया गया। उन्होंने बताया कि जुलाई माह में आयकर विभाग प्रयागराज में एरियर डिमांड एवं टैक्स पेयर ग्रीवांसेज रिडर्सल फोर्टनाइट चलाएगा जिसमे डिमांड से संबंधित सभी एप्लीकेशन का निस्तारण किया जाएगा।

इसके पूर्व आयकर आयुक्त शिव कुमार राय ने मुख्य आयकर आयुक्त क्षेत्र इलाहाबाद का परिचय एवं संक्षिप्त जानकारी प्रदान की। इस दौरान सौजन्य रंजन, अपर आयकर आयुक्त (मुख्यालय) ने आयकर अधिनियम, 2025 के प्रावधानों पर प्रजेंटेशन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में कौशलेंद्र तिवारी एवं ए.के.सिंह आयकर आयुक्त इलाहाबाद अमनदीप कौर संयुक्त आयकर आयुक्त परिक्षेत्र-1 वाराणसी भी उपस्थित रही।

कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल स्वरूप चतुर्वेदी, डॉ. सुरेंद्र कुमार, महालेखाकार, सेन्ट्रल एडमिनिस्ट्रेटिव ट्रिब्युनल के रजिस्ट्रार लेफ्टिनेंट कर्नल फराह दीबा की उपस्थिति रही। इनके साथ ही के.एन.कुमार, अजीत धवन, अंकुर अग्रवाल, चक्रपाणी वात्स्यायन, शुभम अग्रवाल, ए.के.साहू, विनय टंडन, सुशील खरबंदा, नीरज अग्रवाल व अन्य संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। सभी हितधारकों ने कर प्रणाली को अधिक सुगम बनाने के लिए अपने बहुमूल्य सुझाव और विचार साझा किए।

प्रधान आयकर आयुक्त, इलाहाबाद मानस मेहरोत्रा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आयकर विभाग कुशल, निष्पक्ष करदाता सेवाएं प्रदान करने हेतु प्रतिबद्ध है। आयकर परिसर का आधुनिकीकरण और हरित पहल कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्य अतिथि अपर्णा एम अग्रवाल, तथा मीनाक्षी सिंह ने आयकर परिसर में वृक्षारोपण किया। इसके साथ ही, विभाग की बुनियादी सुविधाओं को और अधिक आधुनिक व जन-अनुकूल बनाने के संकल्प के साथ ‘आयकर भवन के पुनरोद्धार’ का विधिवत शिलान्यास भी किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र