त्योहारों पर तत्काल टिकटों की कालाबाजारी रोकने को रेलवे ने बढ़ाई निगरानी, कई स्टेशनों पर तैनात किए अधिकारी
- एसी श्रेणी के टिकट सुबह 10 और स्लीपर श्रेणी के टिकट 11 बजे से बुकिंग के दौरान अधिकारियों ने खुद संभाली निगरानी
मुरादाबाद,07 नवंबर (हि.स.)। दीपावली, भाई दूज और छठ पूजा के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग व्यवस्था की निगरानी बढ़ा दी है। टिकटों की बुकिंग में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और दलालों की सक्रियता पर अंकुश लगाने के लिए मुरादाबाद रेल मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर अधिकारियों और पर्यवेक्षकों की विशेष ड्यूटी लगाई गई। शनिवार को अधिकारियों ने स्वयं स्टेशनों पर मौजूद रहकर तत्काल आरक्षण की प्रक्रिया का निरीक्षण किया।
मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव के निर्देश और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव के मार्गदर्शन में यह विशेष निगरानी अभियान चलाया गया। इसके तहत तत्काल टिकटों की निर्धारित समय पर होने वाली बुकिंग के दौरान यात्रियों को सुविधाजनक और व्यवस्थित तरीके से आरक्षण उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। साथ ही टिकट बुकिंग में किसी तरह की अनियमितता और दलाली की शिकायतों को रोकने के लिए अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
रेलवे के निर्धारित नियमों के अनुसार तत्काल आरक्षण के तहत वातानुकूलित श्रेणी के टिकटों की बुकिंग सुबह 10 बजे से और गैर-वातानुकूलित श्रेणी के टिकटों की बुकिंग सुबह 11 बजे से शुरू होती है। त्योहारों के दौरान इन श्रेणियों में टिकटों की मांग बढ़ने के कारण बुकिंग व्यवस्था पर विशेष नजर रखी गई।
रामपुर रेलवे स्टेशन पर मंडल वाणिज्य प्रबंधक पुरुषोत्तम सिंह बघेल और मुख्य वाणिज्य निरीक्षक जितेंद्र ने बुकिंग प्रक्रिया की निगरानी की। कांठ स्टेशन पर सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित शर्मा और मुख्य वाणिज्य निरीक्षक गौरव ने व्यवस्था का पर्यवेक्षण किया।
इसी तरह पिलखुआ स्टेशन पर मुख्य वाणिज्य निरीक्षक रोहित गुप्ता, राजा का सहसपुर स्टेशन पर वेद प्रकाश, पीताम्बरपुर स्टेशन पर मोहम्मद इमरान, नगीना स्टेशन पर राजेंद्र कुमार और रोजा स्टेशन पर एसके ठाकुर ने तत्काल टिकट बुकिंग प्रक्रिया पर नजर रखी।
रेलवे अधिकारियों की इस पहल का उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों को तत्काल आरक्षण की सुविधा पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना और टिकटों की कालाबाजारी की आशंका को रोकना है। मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर अधिकारियों की मौजूदगी से बुकिंग व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने और यात्रियों की शिकायतों पर प्रभावी निगरानी करने का प्रयास किया गया।----------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल