टैंपो की टक्कर से दो भेड़ों की मौत, कई घायल

 


हाथरस, 06 सितंबर (हि.स.)। जलेसर रोड पर रविवार दोपहर तेज रफ्तार टेंपो ने सड़क किनारे चर रही भेड़ों को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गईं।

यह घटना आरएल शर्मा धर्मकांटा और श्रीराम धर्मकांटा के बीच हुई। गांव पीहुरा के मौजा नगला बघेल निवासी पप्पू बघेल अपनी पत्नी के साथ अपनी भेड़ें चरा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। टक्कर मारने के बाद टेंपो चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और टेंपो को अपने कब्जे में ले लिया। घायल भेड़ों का इलाज कराया जा रहा है। मृत भेड़ों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।

पीड़ित पप्पू बघेल ने कोतवाली में टेंपो और उसके अज्ञात चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। कोतवाली प्रभारी मयंक चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना