ताजमहल को रात में खोलने के लिए हो रहा प्रयास: जयवीर सिंह

 


लखनऊ, 20 मार्च (हि.स.)। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि ताजमहल को रात में खोलने के लिए भारत सरकार स्तर पर गम्भीरता से पैरवी की जा रही है। पर्यटन सेक्टर में रोजगार और निवेश की व्यापक संभावनाओं को देखते हुए धार्मिक एवं अध्यात्मिक के साथ-साथ इको-टूरिज्म, एडवेंचर सहित होम-स्टे की संभावनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। प्रदेश में पर्यटन के बढ़ते कटम देखते हुए पूरे देश दुनिया से श्रद्धालु काशी-प्रयागराज-अयोध्या तथा कुशीनगर की ओर आकर्षित हो रहे हैं। पर्यटन मंत्री गुरूवार को एक स्थानीय होटल में एक न्यूज चैनल द्वारा उत्तर प्रदेश अवसरों का प्रदेश ‘‘थीम के अंतर्गत धार्मिक पर्यटन की त्रिवेणी विषय पर मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित कर रहे थे।

जयवीर सिंह ने कहा कि महाकुम्भ में लगभग 65 करोड़ से अधिक लोगों ने आस्था की डुबकी लगाई। इस समागम ने पूरी दुनिया को बसुधैव कुटुम्बकम का संदेश दिया। इतनी संख्या में विशाल जन समुद्र के प्रबंधन के बारे में देश के विश्वविद्यालय एवं अन्य संस्थाएं अध्ययन कर रही है। साथ ही यह आयोजन दुनिया के लिए कौतुहल का विषय बना हुआ है।

पर्यटन मंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार के 10 वर्ष और राज्य सरकार की 08 वर्ष की उपलब्धियों से अपने को जोड़कर उत्तर प्रदेश भारत का ग्रोथ इंजन बनने की ओर अग्रसर है। हर क्षेत्र में बदलाव आया है, इसकी नींव वर्ष 2017 में योगी जी के मुख्यमंत्री बनने के साथ ही रख दी गई थी। वर्ष 2017 से पूर्व कानून व्यवस्था एवं विकास की क्या हालत थी, यह किसी से छुपा हुआ नहीं है। जहां तक पर्यटन का सवाल है यह सेक्टर तेजी से विकास कर रहा है। घरेलू पर्यटन में प्रथम स्थान पर है तथा विदेशी पर्यटकों के मामले में भी अग्रणी बनाने के लिए तेजी से अवस्थापना सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल, पशुपालन मंत्री धर्मपाल सिंह, मुख्यमंत्री सलाहकार अवनीश अवस्थी,, भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह, सुपर ज्वाइंट्स के क्रिकेटर तथा आईआईएम के प्रो0 सत्यभूषण दास उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन