तहसील दिवस में डीएम-एसएसपी ने सुनी फरियाद, 14 मामलों का मौके पर निस्तारण
गोरखपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। जनपद में आयाेजित तहसील दिवस के अवसर पर शनिवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने तहसील गोला पहुंचकर दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। तहसील दिवस में कुल 130 फरियादियों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें से 14 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
तहसील दिवस में बड़ी संख्या में लोग राजस्व, पुलिस, भूमि विवाद, रास्ते, कब्जे, पारिवारिक विवाद, विकास कार्यों तथा अन्य विभागों से संबंधित समस्याएं लेकर पहुंचे थे। अधिकारियों ने एक-एक कर फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों को केवल औपचारिकता के रूप में न लिया जाए, बल्कि प्रत्येक शिकायत का स्थलीय सत्यापन कर नियमानुसार प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जो शिकायतें मौके पर निस्तारित नहीं हो सकीं, उनका संबंधित अधिकारी गंभीरता से परीक्षण कर एक सप्ताह के भीतर निस्तारण करें और निस्तारण की रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को सुनते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने भूमि विवाद एवं अन्य मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने तथा शिकायतों के निस्तारण के दौरान दोनों पक्षों की बात सुनकर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय