टी-20 दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता में शामिल होंगी छह राज्यों की टीमें, तैयारियां पूरी
9—10—11 अक्टूबर को सिगरा खेल स्टेडियम में प्रतियोगिता,08 अक्टूबर से आएंगी प्रतिभागी टीम
वाराणसी, 06 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प माह के अंतर्गत 9—10—11 अक्टूबर को टी—20 नेशनल दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। इस प्रतियोगिता में छह राज्यों की टीमें शामिल होंगी। मंगलवार को प्रतियोगिता आयोजन समिति के अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि तैयारियां लगभग पूरी हो गई है। प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर आयोजन समिति से जुड़े पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने प्रस्तावित क्रिकेट मैदान (सिगरा खेल स्टेडियम )का स्थलीय निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से दिव्यांग जनों का आत्मविश्वास बढ़ेगा। उनकी उम्मीद भी जागेगी और समान अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही प्रतियोगिता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के समावेशित भारत की परिकल्पना को भी पूरी करेगी।
ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाली छह राज्यों की टीमें 8 अक्टूबर को ही वाराणसी पहुंच जाएंगी। खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, आवागमन तथा प्रतियोगिता से संबंधित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव डॉ. संजय चौरसिया के अनुसार प्रतियोगिता से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएंगी। आयोजन की कार्यव्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए विभिन्न सदस्यों को महत्वपूर्ण दायित्व भी सौंपे गए है।
यह प्रतियोगिता दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ खेल के माध्यम से आत्मविश्वास, स्वावलंबन और सामाजिक समावेशन का संदेश देने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी