शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी है तैराकी : डॉ. श्रवण कुमार यादव
कानपुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। स्विमिंग पूल का नियमित संचालन विद्यार्थियों की शारीरिक दक्षता, सहनशक्ति और तकनीकी कौशल को मजबूत करता है। इससे उनका आत्मविश्वास भी बढ़ता है। छात्रों को अनुशासन और समर्पण के साथ प्रशिक्षण लेना चाहिए। यह सुविधा उनके प्रदर्शन स्तर को बेहतर बनाने में सहायक होगी। वे विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्टता हासिल कर सकते हैं। यह बातें सोमवार को विभागाध्यक्ष डॉ. श्रवण कुमार यादव ने कही।
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा नए शैक्षणिक सत्र में स्विमिंग पूल का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह गतिविधि विभाग की नियमित खेल एवं प्रशिक्षण प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर तैराकी सुविधाएं और व्यवस्थित प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक विधि से पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद स्विमिंग पूल को औपचारिक रूप से विद्यार्थियों के उपयोग के लिए खोल दिया गया। इस दौरान विभाग के शिक्षक और प्रशिक्षक मौजूद रहे और उन्होंने छात्रों को नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया।
डॉ. यादव ने कहा कि तैराकी न केवल एक खेल है, बल्कि यह शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी बेहद लाभकारी है। इससे शरीर की सहनशक्ति बढ़ती है और तकनीकी कौशल में निखार आता है।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकगण और प्रशिक्षकों ने इस पहल को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अहम बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की सुविधाएं छात्रों को प्रतिस्पर्धात्मक खेलों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप