मिठाई विक्रेता के बेटे ने रचा इतिहास, पीसीएस परीक्षा में 11वीं रैंक लाकर राजू मोदनवाल बने डिप्टी एसपी
जौनपुर,30 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के चंदवक थाना क्षेत्र में रहने वाले एक युवक की प्रेरणादायक सफलता की कहानी सामने आई है। यहां खुज्झी मोड़ निवासी मिठाई विक्रेता के बेटे राजू मोदनवाल ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की पीसीएस 2024 परीक्षा परिणाम में 11वीं रैंक हासिल कर डिप्टी एसपी बनकर जिले का नाम रोशन किया है। इनके पिता सूरज मोदनवाल खुज्झी मोड़ पर मिठाई की दुकान चलाते हैं।
सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने बेटे की पढ़ाई में कभी कमी नहीं आने दी। राजू ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा श्री कुबेर सिंह माध्यमिक विद्यालय, खुज्झी से प्राप्त की और इंटरमीडिएट सुमित्रा शिक्षा इंटर कॉलेज, बजरंगनगर से पूरा किया। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने श्री गणेश राय पीजी कॉलेज से बीएससी में प्रवेश लिया, लेकिन बेहतर तैयारी के उद्देश्य से दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध हंसराज कॉलेज में दाखिला लेकर स्नातक की पढ़ाई पूरी की। यहीं से उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की गंभीर तैयारी शुरू की।
परीक्षा परिणाम में सफलता काे लेकर राजू ने बताया कि उनका सफर संघर्षों से भरा रहा। उन्होंने दो बार सिविल सेवा (आईएएस) की लिखित परीक्षा पास की, लेकिन इंटरव्यू में सफलता नहीं मिल सकी। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार प्रयास करते रहे। उनकी यही लगन और दृढ़ संकल्प अंततः रंग लाया और उन्होंने यूपीपीएससी परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर डिप्टी एसपी का पद प्राप्त किया।
राजू मोदनवाल ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, परिवार और सहयोगियों को दिया। उन्हाेंने कहा कि निरंतर मेहनत और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। उनकी यह सफलता जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है, जो यह संदेश देती है कि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव