मिठाई बनाते समय करंट लगने से कारीगर की मौत
कानपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। बिठूर थाना क्षेत्र के मंधना स्थित बगदौधी बांगर में शनिवार दोपहर मिठाई बनाते समय करंट लगने से एक कारीगर की मौत हो गई। साथियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान उन्नाव जनपद के करोवन चौर निवासी 36 वर्षीय शिवकुमार साहू के रूप में हुई है। वह मंधना निवासी एक मिठाई व्यवसायी के यहां कारीगर था और बगदौधी बांगर स्थित कार्यस्थल पर अन्य कर्मचारियों के साथ मिठाई तैयार कर रहा था। इसी दौरान मशीन का स्विच चालू करते समय वह बिजली की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सहकर्मियों ने उसे पहले नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर रेफर किया गया। बाद में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर बिठूर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बिठूर थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने से मौत का प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप