मिलावट खोरी रोकने के लिए नियमित छापेमारी करें अधिकारी, जिलाधिकारी
फर्रुखाबाद,27 अक्टूबर (हि.स.)। त्योहारों पर मिलावट खोरी रोकने के लिए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी को छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मिठाई के डिब्बों पर वैधता तिथि लिखने के आदेश जारी किया है।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन समिति की प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, मिलावट पर प्रभावी नियंत्रण तथा जनसामान्य को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में सहायक आयुक्त खाद्य ने विभागीय कार्यों की प्रगति से अवगत कराते हुए बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में अब तक विभागीय अधिकारियों ने कुल 483 निरीक्षण किए हैं। इसके अंतर्गत मिलावट एवं खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए छापेमारी की 53 कार्यवाहियां करते हुए कुल 56 नमूने एकत्र किए गए। नमूनों के माध्यम से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुपालन की जांच की जा रही है।
समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने आगामी त्योहारी सीजन को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक छापेमारी की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से मिठाई, खोया, पनीर, दूध, घी, खाद्य तेल तथा अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर सतत निगरानी रखी जाए। संदिग्ध खाद्य पदार्थों की बिक्री, भंडारण एवं निर्माण की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई की जाए।------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर