स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारी तेज, नालों से हटेंगे अतिक्रमण : अर्पित उपाध्याय
कानपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 को लेकर सभी तैयारियां तय समय में पूरी की जाएं और छोटे नालों पर अतिक्रमण हर हाल में हटाया जाए।” नगर निगम सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में स्वच्छता, कूड़ा प्रबंधन और शहर में अतिक्रमण हटाने को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए, जिसमें जोन स्तर पर प्रगति रिपोर्ट, जन-जागरूकता अभियान और निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। यह बातें गुरुवार को नगर आयुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में कही गईं।
बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए कूड़ा उठान, स्रोत पर कचरे के पृथक्करण और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि जोन स्तर पर बैठकों की प्रगति रिपोर्ट, अनुपालन आख्या और जियोटैग फोटो के साथ नियमित रूप से प्रस्तुत की जाए। बाजारों और व्यापारिक संगठनों के साथ समन्वय स्थापित कर जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए दो दिन के भीतर रोस्टर तैयार कर बैठकें आयोजित करने को कहा गया, जिसमें विद्यालयों की भागीदारी भी सुनिश्चित होगी।
अतिक्रमण के मुद्दे पर नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए एक मीटर से कम चौड़े नालों पर बने रैंप और पार्किंग जैसे अतिक्रमण तत्काल हटाने को कहा। कार्रवाई के दौरान फोटो और वीडियो रिकॉर्ड तैयार करने तथा संबंधित लोगों पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए। मेट्रो स्टेशनों, विशेषकर मोतीझील क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने को प्राथमिकता देने और शहर के प्रवेश द्वार से टर्निंग प्वाइंट तक एक किलोमीटर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए नियमित अभियान चलाने को कहा गया।
इसके अलावा मेट्रो स्टेशनों के पास दुकानों पर दो डस्टबिन अनिवार्य करने, घाटों पर स्थायी डस्टबिन लगाने, मैनहोल ढके रखने और सड़कों की मरम्मत की नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए गए। बताया गया कि अतिक्रमण की सूची संबंधित अधिकारियों को सौंप दी गई है और 15 दिन बाद इसकी दोबारा समीक्षा की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप