महिला की संदिग्ध मौत, फायर ब्रिगेड ने बुझाई चिता की आग
महिला का अंतिम संस्कार कर फरार हुए ससुरलीजन, सहपऊ क्षेत्र के गांव थरौरा का मामला
शव के अवशेष पोस्टमार्टम के लिए भेजे, मृतिका के पिता ने लगाया हत्या का आरोप
हाथरस, 31 जुलाई (हि.स.)। सहपऊ थाना क्षेत्र में शुक्रवार को महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बिना मायके वालों को बताए ससुरालियों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया और फरार हो गए। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने तत्काल महिला के परिजनों को सूचित किया। मौके पर मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए। चिता को बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड बुलाया गया। इसके बाद पानी बौछार से उसे बुझाया गया। जले हुए अवशेषों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामला शुक्रवार दोपहर करीब 3.30 बजे सहपऊ थाना क्षेत्र के थरौरा का है। निर्मला पुत्री सुरेश चंद्र निवासी थाना सिरसागंज जायमई, जिला फिरोजाबाद की शादी वर्ष 2012 में थरौरा निवासी अमित कुमार उर्फ जैकी (34) पिता सोरन सिंह के साथ हुई थी। शादी के एक साल बाद ही दोनों के बीच अनबन हो गई थी। इसके बाद वह अपने मायके में रहने लगी थी। वहीं से फिरोजाबाद न्यायालय में दस साल तक केस लड़ने के बाद चार साल पहले कोर्ट ने उसके पक्ष में फैसला सुनाते हुए उसे ससुराल में घर और चार बीघा जमीन देने का आदेश दिया। इसी बाद से वह ससुराल में रहने लगी थी। महिला के कोई संतान नहीं थी। उसका पति अमित हरियाणा के बल्लभगढ़ रहकर किसी फैक्ट्री में काम करता है। ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार सुबह महिला और ससुरालियों के बीच आपसी विवाद हुआ था। इसके बाद महिला का शव घर के अंदर कमरे संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला था। हालांकि, ससुराल वालों ने घटना के बारे में महिला के मायके वालों भी नहीं बताया। आनन-फानन में शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इसके बाद घर में ताला लगाकर भाग गए। मृतक महिला का पति अमित अभी हरियाणा में ही है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद मायके वालों को भी बुलाया गया। चिता को बुझाने के लिए पुलिस तत्काल फायर ब्रिगेड को बुलवाया। इसके बाद दमकल कर्मियों ने तत्काल पानी डालकर उसे बुझाया, फिर पुलिस ने शव के अवशेषों को इकट्ठा करके पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पिता सुरेश चंद्र में बताया कि मेरी बेटी की पीट-पीटकर ससुराल वालों ने हत्या कर दी। मुझे इसकी सूचना तक नहीं दी। इसके बाद शव को भी जला दिया। मौके से सभी फरार भी हो गए। पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। सीओ जेएन अस्थाना ने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलते ही विधिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना