गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने और किसानों की लागत घटाने पर सरकार का फोकस

 


गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर दिया जाय जोर - मंत्री धर्मपाल सिंह

लखनऊ, 27 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती, जैविक कृषि, गौसंवर्धन एवं किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में लगातार ठोस और दूरदर्शी कदम उठा रही है। इसी क्रम में प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही तथा पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने बुधवार को विधान भवन, लखनऊ स्थित समिति कक्ष-8 में गोबर खाद के प्रयोग, सी०बी०जी० (कंप्रेस्ड बायोगैस) प्लांटों के संचालन तथा एफ०ओ०एम० (फर्मेंटेड ऑर्गेनिक मैन्योर) उत्पादन की वर्तमान स्थिति तथा भविष्य की बेहतर रणनीति के लिए एक संयुक्त विभागीय बैठक की।

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार खेती को केवल उत्पादन तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि उसे टिकाऊ, पर्यावरण अनुकूल एवं आर्थिक रूप से लाभकारी बनाना चाहती है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती और जैविक उत्पादों के माध्यम से मिट्टी की सेहत सुधारना समय की आवश्यकता है और प्रदेश सरकार इस दिशा में गंभीरता से कार्य कर रही है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन तकनीकों एवं मॉडलों में व्यवहारिकता और किसानों के हित की संभावना दिखाई दे रही है, उन्हें प्रदेश के विभिन्न कृषि जलवायु क्षेत्रों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू कर परीक्षण कराया जाए, ताकि वैज्ञानिक आधार पर उनकी उपयोगिता का मूल्यांकन किया जा सके।

बैठक में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि गौशालाओं को केवल संरक्षण केंद्र नहीं बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और प्राकृतिक कृषि के सशक्त केंद्र के रूप में विकसित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि गोबर एवं गोमूत्र के वैज्ञानिक उपयोग से गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है तथा किसानों को कम लागत वाली खेती का विकल्प उपलब्ध कराया जा सकता है।

बैठक में गौ-आधारित जैविक खेती, गोबर एवं गोमूत्र आधारित उत्पादों, बायोचार, लिक्विड ऑर्गेनिक फर्टिलाइजर, बायोगैस एवं सीबीजी प्लांटों की कार्यप्रणाली तथा प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के विभिन्न नवाचारों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। विशेषज्ञों ने किसानों को रासायनिक खेती से प्राकृतिक खेती की ओर प्रेरित करने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर भी बल दिया।

बैठक में उत्तर प्रदेश गौसेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता, प्रमुख सचिव कृषि रवींद्र, सचिव कृषि इन्द्र विक्रम सिंह, विशेष सचिव पशुधन देवेंद्र पांडेय, निदेशक कृषि पंकज त्रिपाठी, निदेशक पशुपालन डॉ. मेमपाल सिंह, अपर निदेशक कृषि रक्षा आशुतोष मिश्र एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन