डीआईजी ने मदनपुर थाना का किया आकस्मिक निरीक्षण
देवरिया, 28 मार्च (हि.स.)। गाेरखपुर के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) एस. चन्नप्पा ने शनिवार को जनपद देवरिया के थाना मदनपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान थाना कार्यालय, मालखाना, अभिलेखों का संधारण, शस्त्रागार, हवालात, बैरक, मेस तथा परिसर की साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उप महानिरीक्षक ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, महिला संबंधी अपराधों में संवेदनशीलता एवं तत्परता से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्राथमिकता पर किया जाए। प्रत्येक प्रार्थना पत्र की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। अपराध एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए हिस्ट्रीशीटरों, टॉप-10 अपराधियों एवं वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करे। साथ ही बीट पुलिसिंग को सुदृढ़ करने, ग्राम चौकीदारों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाए रखने और क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने पर विशेष बल दिया जाए। उन्होंने थाने की मिशन शक्ति केन्द्र का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके साथ ही उन्होंने मालखाने में जमा शस्त्रों एवं अन्य सामग्री के विधिवत रख-रखाव और समय-समय पर निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा है। सीसीटीएनएस प्रणाली के प्रभावी उपयोग, डिजिटल अभिलेखों के अद्यतन एवं साइबर एवं महिला संबंधी अपराध के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी बल दिया गया।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक