कलाई में सुसाइड नोट लिख युवती ने की खुदकुशी

 

बांदा, 06 मार्च (हि.स.)। कलाई में मां मुझे माफ करना सुसाइड नोट लिखने के बाद युवती ने कमरे के अंदर पंखा की हुक पर दुपट्टा से फांसी लगाकर खुदकुशी कर लिया। घटना की जानकारी उस वक्त हुई जब उसकी चचेरी भतीजी खेत चलने के लिए बुलाने गई थी। मौत की खबर मिलते ही घरवालों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बदौसा थाना क्षेत्र के नादन मऊ गांव निवासी 18 वषीय लक्ष्मी पुत्री नंदकिशोर ने शुक्रवार को घर में पंखा की हुक पर दुपट्टा से फांसी लगाकर खुदकुशी कर लिया। काफी देर बाद चचेरी भतीजी रूबी, लक्ष्मी को नास्ता लेकर खेत चलने के लिए बुलाने आई, देखा तो दरवाजे बंद थे। उसने कुंडी खटखटाई लेकिन अंदर से कोई हरकत नहीं हुई। रूबी ने खिड़की से झांक कर देखा तो उसका शव फंदे से लटक रहा था। शव देख रूबी चीख पड़ी। रूबी ने घटना की जानकारी अपने बाबा को दी। मौके पर पहुंचे बाबा ने कुुंडी तोड़ कर कमरे के अंदर पहुंच कर देखा तो उसका शव फंदे से लटक रहा था। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।

सूचना पाकर माौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मृतका के पड़ोसी जगदीश ने बताया कि सात साल पहले बीमारी से उसके पिता की मौत हो गई थी। तीन साल पहलेे उसके बड़े भाई की भी मौत हो चुकी है। मां संगीता के नाम ढाई बीघा जमीन है। मां किसानी करके अपने परिवार का भरण पोषण करती है। घटना के समय मां सरसो काटने खेत गई थी। खुदकुशी करने से पहले लक्ष्मी ने अपने हाथ की कलाई में पेन से लिखा था कि मां मुझे माफ करना। जगदीश का कहना है कि घटना का कारण अज्ञात है। इस बारे में क्षेत्राधिकारी प्रवीण कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह