मुख्यमंत्री योगी ने लिया सीतापुर अग्निकांड का संज्ञान,त्वरित राहत के साथ पुनर्वास के दिए निर्देश

 


चार लाख के हिसाब से तीन पीड़ितों को 12 लाख रुपये की दी गई राहत

सीतापुर/लखनऊ, 06 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के सदरपुर थाना क्षेत्र के सरैया चलाकापुर गांव में बीते शनिवार शाम को हुए भीषण अग्निकांड को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंभीरता से लेते हुए संज्ञान लिया। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने और पीड़ितों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के आदेश पर जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. सोमवार को स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरे हालात का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। प्रशासन ने तेजी दिखाते हुए राहत वितरण शुरू कर दिया है और पुनर्वास की प्रक्रिया भी तत्काल प्रभाव से प्रारंभ कर दी गई है।

उल्लेखनीय है कि सरैया चलाकापुर गांव में शनिवार शाम करीब 7 बजे खाना बनाते समय निकली एक चिंगारी ने तेज आंधी के चलते विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते आग ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में दादी-पोती समेत तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान फूलमती (45), यादुरा (65) और 7 वर्षीय मीनाक्षी के रूप में हुई है।

अग्निकांड में कुल 18 परिवार बुरी तरह प्रभावित हुए हैं, जिनकी 21 झोपड़ियां और कच्चे मकान जलकर राख हो गए। आग में कपड़े, राशन और घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गया, जिससे पीड़ित परिवारों के सामने भारी संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार संकरे रास्ते के कारण दमकल वाहन समय पर मौके तक नहीं पहुंच सका, जिससे आग बुझाने में देरी हुई।

मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रशासन ने प्रति झोपड़ी 8000 रूपये की दर से कुल 1,68,000 रूपये की सहायता राशि वितरित की जा रही है। इसके अलावा 18 परिवारों को कपड़ों के लिए 2500 रूपये प्रति परिवार तथा घरेलू सामान के लिए 2500 रूपये प्रति परिवार की दर से कुल 90,000 रूपये की अतिरिक्त सहायता दी जा रही है।

इस हादसे में जान गंवाने वाले तीन लोगों के परिजनों को 4 लाख रुपये प्रति व्यक्ति के हिसाब से कुल 12 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। साथ ही सभी प्रभावित परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि सभी आवश्यक कागजी कार्रवाई जल्द पूरी कर पीड़ितों को शीघ्र लाभ दिलाया जाए। फिलहाल प्रशासन मौके पर मुस्तैद है और राहत कार्य लगातार जारी हैं। घटना के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma