सह्याद्री आवासीय योजना के पॉकेट-ए में 514 भूखंडों का होगा आवंटन, 12 अगस्त तक जमा करें दस्तावेज
मुरादाबाद, 06 अगस्त (हि.स.)। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण ने सह्याद्री आवासीय योजना के पॉकेट-ए में भूखंड आवंटन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए आवेदनों की जांच पूरी कर ली है। इसके साथ ही सभी आवेदकों की सूची सार्वजनिक कर दी गई है। जिन आवेदनों में आवश्यक अभिलेख अधूरे मिले हैं, उन्हें 12 अगस्त तक दस्तावेज जमा करने का अंतिम अवसर दिया गया है।
प्राधिकरण के अनुसार योजना में पहले विभिन्न श्रेणियों के 609 भूखंड प्रस्तावित थे। बाद में 95 भूखंडों के समायोजन के चलते अब 514 भूखंडों का ही आवंटन किया जाएगा। इन भूखंडों के लिए कुल 2331 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनकी जांच और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के सचिव पंकज वर्मा का कहना है कि तय समय के बाद कोई भी दस्तावेज स्वीकार नहीं किया जाएगा। समय-सीमा के भीतर अभिलेख जमा न करने वाले आवेदनों को निरस्त कर दिया जाएगा और उन्हें लॉटरी प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल