गुजैनी वार्ड में लगाए जा रहे हैं सबमर्सिबल पंप, दूर होगी पेयजल की समस्या : सुरेन्द्र मैथानी

 


कानपुर, 26 मार्च (हि.स.)। पेयजल की समस्या से जूझ रहे गुजैनी वार्ड-55 के लोगों को जल्द राहत मिलेगी और कच्ची बस्ती समेत आसपास के क्षेत्रों में सुचारू जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए सात लाख से अधिक की लागत से चार सबमर्सिबल पंप स्थापित किए जा रहे हैं, जिनका कार्य तेजी से पूरा कराया जाएगा, ताकि गर्मी के मौसम में किसी को पानी की किल्लत का सामना न करना पड़े। क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है और विकास कार्यों में किसी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी। यह बातें गुरुवार को गोविंद नगर विधानसभा के भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहीं।

आज गुजैनी वार्ड-55 में विभिन्न स्थानों पर सबमर्सिबल पंपों के स्थापना कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया गया। इस परियोजना के तहत कुल सात लाख पांच हजार की लागत से कई महत्वपूर्ण स्थानों पर पंप लगाए जा रहे हैं, जिससे बड़ी आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।

इन विकास कार्यों के अंतर्गत सी ब्लॉक कच्ची बस्ती में रोहित के घर के पास, मुख्य क्षेत्र में तथा हाइवे के पास सबमर्सिबल पंप स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा गुजैनी के एफ-468 में अशोक दुबे के सामने स्थित पार्क में भी पंप लगाया जाएगा, जिससे आसपास के निवासियों को नियमित जल आपूर्ति मिल सकेगी।

विधायक सुरेंद्र मैथानी ने बताया कि कच्ची बस्तियों में रहने वाले लोगों को अक्सर पानी की समस्या का सामना करना पड़ता है। इसे ध्यान में रखते हुए इन क्षेत्रों को प्राथमिकता में रखा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि हर घर तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचें और इसी दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप