विषयवार प्रदर्शनी में छात्राओं ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा : सविता यादव
कानपुर, 01 सितंबर (हि.स.)। छात्राओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें रचनात्मक सोच के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विचारों से प्रेरित इस आयोजन में विद्यालय की करीब 250 छात्राओं ने विभिन्न विषयों में अपनी प्रतिभा दिखाई है। यह बातें मंगलवार को एसएन सेन बालिका विद्यालय इंटर कॉलेज, माल रोड की प्रधानाचार्या सविता यादव ने कहीं।
एसएन सेन बालिका विद्यालय इंटर कॉलेज, माल रोड में मंगलवार को कक्षा छह से 12 तक की छात्राओं की विषयवार प्रदर्शनी आयोजित की गई। प्रदर्शनी में हिंदी, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान, गणित, गृहविज्ञान, कॉमर्स, कंप्यूटर और चित्रकला विभाग की छात्राओं ने मॉडल, चार्ट और पेंटिंग के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न विषयों से जुड़े मॉडल और प्रोजेक्ट देखकर अतिथियों व अभिभावकों ने छात्राओं की रचनात्मकता की सराहना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय संस्थापक की प्रतिमा पर माल्यार्पण और मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों ने विभिन्न विभागों में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और छात्राओं से उनके मॉडल के बारे में जानकारी ली।
कक्षा 11 की छात्रा अंशिका मौर्य ने चित्रकला प्रदर्शनी में आकर्षक पेंटिंग तैयार की। उसकी कलाकृति को देखने वाले लोगों ने खूब सराहा। अंशिका ने बताया कि उसे बचपन से ही चित्रकला में काफी रुचि है। प्रदर्शनी में अपनी पेंटिंग लगाने का अनुभव उसके लिए उत्साह बढ़ाने वाला रहा। वह भविष्य में इसी क्षेत्र में अपनी प्रतिभा को निखारकर करियर बनाना चाहती है।
वहीं, अंग्रेजी विषय की छात्रा अलवीरा जैनव ने अपने मॉडल के माध्यम से विषय को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। मॉडल देखने पहुंचे लोगों ने उसकी प्रस्तुति की तारीफ की। अलवीरा ने बताया कि मॉडल तैयार करने से उसे विषय को समझने के साथ अपनी सोच को नए तरीके से प्रस्तुत करने का अवसर मिला।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप