विद्यार्थियों ने खुद तैयार किए ड्रोन को उड़ाकर किया सफल परीक्षण
जौनपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में सी-डैक, नोएडा के सहयोग से आयोजित पांच दिवसीय ‘स्वयान’ बूटकैंप के चौथे दिन गुरुवार को विद्यार्थियों ने स्वयं तैयार किए गए ड्रोन को एकलव्य स्टेडियम में उड़ाकर उसका सफल परीक्षण किया। इस दौरान विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को ड्रोन तकनीक, कैमरा सेंसर और उसके विभिन्न उपयोगों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में सी-डैक, नोएडा के परियोजना अभियंता दीपेश वर्मा ने ड्रोन कैमरा, फिल्टर और सेंसर की कार्यप्रणाली समझाई। उन्होंने कृषि एवं पर्यावरण के क्षेत्र में ड्रोन की उपयोगिता बताते हुए वनस्पति के विभेदन, जल संबंधी आकलन, फसलों में रोगों की पहचान और पौधों के स्वास्थ्य की निगरानी में विभिन्न तरंगदैर्ध्य के उपयोग की जानकारी दी।
इसके बाद परियोजना अभियंता ईशा गुप्ता ने ड्रोन के विभिन्न अनुप्रयोगों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि ड्रोन तकनीक का उपयोग कृषि, पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन और सर्वेक्षण सहित कई क्षेत्रों में किया जा रहा है।
बूटकैंप के दौरान विद्यार्थियों ने अपने हाथों से तैयार किए गए ड्रोन को उड़ाकर व्यावहारिक प्रशिक्षण का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने विद्यार्थियों के नवाचार की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से विद्यार्थियों में तकनीकी कौशल और आत्मविश्वास बढ़ता है तथा उन्हें अनुसंधान के लिए प्रोत्साहन मिलता है। कार्यक्रम का संचालन इलेक्ट्रॉनिक्स अभियांत्रिकी विभाग के सहयोग से सी-डैक, नोएडा द्वारा किया जा रहा है। इसके सफल आयोजन में विश्वविद्यालय के शिक्षकों और तकनीकी दल ने सहयोग किया।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव