छात्रवृत्ति से वंचित छात्रों को मिलेगा दोबारा मौका, एक सितंबर से खुलेगा पोर्टल
लखनऊ, 20 अगस्त (हि.स.)। वित्तीय वर्ष 2025-26 में तकनीकी कारणों से दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति से वंचित पात्र छात्र-छात्राओं को एक और मौका मिलेगा। बड़ी पहल करते हुए समाज कल्याण विभाग 01 सितंबर से छात्रवृत्ति पोर्टल दोबारा खोलेगा। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, सामान्य वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग समेत सभी पात्र छात्र-छात्राओं को इसका लाभ मिलेगा। छात्रवृत्ति की धनराशि पी.एफ.एम.एस. के माध्यम से सीधे बैंक खातों में भेजी जाएगी और भुगतान 29 सितंबर से 02 अक्टूबर तक किया जाएगा।
3.16 लाख छात्र-छात्राओं को मिलेगा लाभ
वर्ष 2025-26 में तकनीकी कारणों से कुल 3,16,057 छात्र-छात्राएं छात्रवृत्ति से वंचित रहे। इनमें शासकीय संस्थानों के 31,836, शासकीय सहायता प्राप्त संस्थानों के 37,795 और निजी संस्थानों के 2,46,426 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। वंचित छात्रों में सबसे बड़ी संख्या निजी संस्थानों के विद्यार्थियों की है।
‘किसी पात्र छात्र की पढ़ाई प्रभावित नहीं होने देंगे’
समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने बताया कि हर पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प है कि किसी भी बच्चे की पढ़ाई पैसे या तकनीकी बाधाओं से प्रभावित न हो।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्द्र पाण्डेय