सीएसए में 21 राज्यों के छात्र ले रहे हैं कृषि शिक्षा : डॉ. संजीव गुप्ता
कानपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में देश के 21 राज्यों के छात्र अध्ययन कर रहे हैं, जिससे कृषि शिक्षा के साथ सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय एकता को भी बढ़ावा मिल रहा है। यह बातें रविवार को विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने कहीं।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के कानपुर परिसर में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दौरान देश के 21 राज्यों के छात्र स्नातक, परास्नातक और पीएचडी पाठ्यक्रमों में अध्ययन कर रहे हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार विभिन्न राज्यों से आए विद्यार्थियों की मौजूदगी से परिसर में शैक्षणिक माहौल के साथ सांस्कृतिक समन्वय को भी बढ़ावा मिल रहा है।
कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने बताया कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के अखिल भारतीय कोटा के माध्यम से देशभर के मेधावी विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय में प्रवेश मिलता है। उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों के छात्र एक साथ अध्ययन कर कृषि क्षेत्र की अलग-अलग परिस्थितियों, मिट्टी, फसलों और चुनौतियों को समझने का अवसर प्राप्त करते हैं, जिससे व्यावहारिक और नवाचार आधारित समाधान विकसित करने में मदद मिलती है।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. मुकेश श्रीवास्तव ने बताया कि विश्वविद्यालय में कुल 1558 छात्र अध्ययनरत हैं। इनमें उत्तर प्रदेश के 1291 तथा अन्य 20 राज्यों के 267 छात्र शामिल हैं। उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार, राजस्थान, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, हरियाणा, ओडिशा, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, मणिपुर, छत्तीसगढ़, झारखंड, पंजाब, तमिलनाडु, मेघालय, पश्चिम बंगाल, असम, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक के छात्र भी विश्वविद्यालय में कृषि शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कृषि शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को विभिन्न राज्यों की भाषा, खान-पान, संस्कृति और जीवनशैली को जानने-समझने का अवसर भी मिलता है, जिससे राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत होती है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप