हर्षित एवं सचिन ने विद्यार्थियों को स्वगणना प्रक्रिया की दी जानकारी
औरैया, 11 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में स्वामी विवेकानन्द इण्टर कालेज सहार में जनगणना एवं स्वगणना के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाचार्य किशोर कुमार के निर्देशन में सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर कक्षा 11 के छात्र हर्षित एवं सचिन ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन स्वगणना प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जागरूक नागरिक घर बैठे अपने मोबाइल फोन के माध्यम से आधिकारिक वेबसाइट पर अपनी एवं अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं।
विद्यार्थियों को वेबसाइट खोलने, राज्य का चयन करने, कैप्चर भरने, मोबाइल नंबर एवं ईमेल आईडी दर्ज करने, ओटीपी सत्यापन करने तथा परिवार एवं मकान संबंधी विवरण भरने की प्रक्रिया को सरल एवं चरणबद्ध तरीके से समझाया गया। छात्रों ने पोस्टरों के माध्यम से स्वगणना की पूरी प्रक्रिया प्रस्तुत कर सभी को जागरूक किया।
प्रधानाचार्य किशोर कुमार ने कहा कि सही एवं पूर्ण जनगणना देश के विकास की आधारशिला होती है। इससे सरकार को शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन में सहायता मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार एवं समाज में भी जनगणना के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भौतिकी प्रवक्ता रामेंद्र सिंह कुशवाहा, दीप नारायण, विपुल कुमार, मिथिलेश कुमार गुप्ता सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार