सेवा मेरा योगदान अभियान में छात्रों ने चलाया स्वच्छता और पौधरोपण अभियान
जौनपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में आयोजित ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के चौथे दिन गुरुवार को डिप्लोमा मैकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता, पौधरोपण और परिसर सौंदर्यीकरण अभियान चलाया।
कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय परिसर के डिवाइडरों पर उगी सूखी एवं अनावश्यक घास की सफाई की। इसके बाद डिवाइडरों पर गेंदे के पौधे रोपे गए। विद्यार्थियों ने अपनी कक्षाओं की भी साफ-सफाई की और कक्षा-कक्षों को व्यवस्थित एवं सुंदर बनाने में योगदान दिया।छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि विद्यार्थियों का उत्साह और सेवा भाव पूरे विश्वविद्यालय के लिए प्रेरणादायक है। युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा परिसर को स्वच्छ, हरा-भरा और सुंदर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। ऐसी गतिविधियों से विद्यार्थियों में अनुशासन, श्रमदान और टीमवर्क की भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम संयोजक प्रो. राजकुमार ने कहा कि स्वच्छता एवं पौधरोपण अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सेवा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत छात्र जिस निष्ठा और उत्साह से परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में योगदान दे रहे हैं, वह सराहनीय है।वार्डन डॉ. नितेश जायसवाल ने बताया कि कार्यक्रम के चौथे दिन विद्यार्थियों ने डिवाइडर की घास साफ करने के साथ गेंदे के पौधे लगाए और अपनी कक्षाओं का सौंदर्यीकरण किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सहभागिता सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी जिम्मेदारी को दर्शाती है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव